कांग्रेस MLA उमंग सिंघार के खिलाफ रेप का मुकदमा, महिला से जबरन अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने का आरोप

गर्लफ्रेंड सुसाइड केस में चर्चित हुए थे विधायक उमंग सिंघार, विधायक की प्रताड़ना से तंग आकर पिछले साल ही एक महिला ने की थी आत्महत्या, अब दूसरी महिला ने लगाए गंभीर आरोप

Updated: Nov 21, 2022, 04:38 AM IST

धार। मध्य प्रदेश के पूर्व वन मंत्री व कांग्रेस विधायक उमंग सिंघार के खिलाफ दुष्कर्म के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। दरअसल, एक महिला ने आरोप लगाया है कि विधायक सिंघार पिछले एक साल से उसका बलात्कार कर रहे हैं। महिला ने सिंघार के खिलाफ अननैचुरल सेक्स करने के भी आरोप लगाए हैं। बता दें कि पिछले साल ही एक महिला ने उमंग सिंघार की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली थी।

जानकारी के मुताबिक पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि नवंबर 2021 से लेकर 18 नवंबर 2022 तक विधायक उमंग सिंघार ने शादी का झांसा देकर पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पीछे स्थित अपने निवास में उसके साथ दुष्‍कर्म किया। इतना ही नहीं सिंघार ने उसके साथ जबरन अप्राकृतिक यौन संबंध बनाए। मारपीट व अभद्र व्‍यवहार भी किया। महिला ने शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया है।

यह भी पढ़ें: MLA उमंग सिंघार की पत्नी ने मेड को पीटा, पुलिस ने दर्ज की FIR, गर्लफ्रेंड सुसाइड केस में चर्चित हुए थे सिंघार

नौगांव पुलिस ने 38 वर्षीय महिला के बयान के आधार पर विधायक उमंग सिंघार पर दुष्‍कर्म व अन्‍य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक कांग्रेस विधायक के खिलाफ IPC की धारा 376 (दुष्‍कर्म), 377 (अप्राकृतिक कृत्य) और 498 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने इस बात की पुष्टि की है।

विधायक उमंग सिंघार पर इस तरह का आरोप पहले भी लग चुका है। विधायक उमंग सिंघार पिछले साल तब सुर्खियों में आए थे जब उनकी गर्लफ्रेंड सोनिया भारद्वाज ने सुसाइड कर लिया था। सोनिया लगातार मानसिक प्रताड़ना झेल रही थी। उसने सुसाइड नोट से स्पष्ट था कि शादी का झांसा देकर विधायक मुकर रहे थे। मामले में उमंग सिंघार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा था। पुलिस ने एफआईआर भी दर्ज की थी। हालांकि, हाईप्रोफाइल केस होने के कारण उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई।