सिवनी में पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग, एक प्रधान आरक्षक की मौत, 3 गिरफ्तार

इस घटना में एक प्रधान आरक्षक की मौत हो गई। फायरिंग करने वाला आरोपी मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

Publish: Jan 19, 2024, 10:19 AM IST

सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में दर्दनाक हादसा हो गया है। दरअसल आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस की टीम पर हमला हो गया। बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में एक प्रधान आरक्षक की मौत हो गई। फायरिंग करने वाला आरोपी मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

यह पूरी घटना सिवनी थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, डूंडा सिवनी पुलिस वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे बदमाशों को पकड़ने गई थी। इस दौरान बम्होडी गांव के पास बदमाशों ने पुलिस पर गोलियां चला दी। फायरिंग में एक प्रधान आरक्षक राकेश ठाकुर को गोली लग गई। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

वही हेड कांस्टेबल राकेश की हालत गंभीर होने पर नागपुर रेफर किया गया था। जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फायरिंग करने वाला आरोपी फरार बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।