सागर शराब कांड: 4 पीड़ित परिवारों को दिग्विजय सिंह ने लिया गोद, मासिक मदद के साथ बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाएंगे पूर्व CM

सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने दावा किया कि जिले में 45 लोगों की मौत हुई है, जबकि सरकार असल मौतों का आंकड़ा छिपा रही है।

Updated: Sep 13, 2026, 03:42 PM IST

सागर। पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह दो दिवसीय सागर दौरे पर हैं। सिंह शनिवार को जहरीली शराब से प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे और पीड़ितों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार पर मौतों का असल आंकड़ा छिपाने का आरोप लगाया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि शाहगढ़ और बंडा में जहरीली शराब से 45 लोगों की मौत हुई है। प्रभावित परिवारों में से चार परिवारों को दिग्विजय सिंह ने गोद लेने का भी ऐलान किया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक दिग्विजय सिंह ने झोली ग्राम के मृतक भोला अहिरवार,  धुरमार ग्राम के रामस्वरूप अहिरवार, खतोरा खुई ग्राम के भोपाली आदिवासी (पत्नी - माया) तथा हनौती ग्राम के धनसींग आदिवासी ( पत्नी -मीना) के परिजनों को गोद लेने का ऐलान किया है। पूर्व मुख्यमंत्री चारों पीड़ित परिवारों में प्रत्येक परिवार  को 10-10 हजार रूपए की राशि प्रतिमाह देने तथा उनके अनाथ बच्चों की शिक्षा का सारा खर्च उठाने की घोषणा की है। 

पूर्व मुख्यमंत्री ने सागर में पत्रकारों से कहा कि जहरीली शराब से मौत की यह पहली घटना नहीं है। वर्ष 2014 में भी ऐसी घटना सामने आई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। वर्ष 2022 में 10 लोगों की मौत हुई, जिसे तत्कालीन कलेक्टर ने नकार दिया था। वर्ष 2024 में भाजपा विधायक ने ही लिखित शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने दावा कि रक्षाबंधन के बाद से ही जहरीली शराब से मौतों के मामले सामने आने लगे थे।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि हादसे में मृत लोगों के स्वजनों को अभी तक मुआवजा भी नहीं मिला है। जिनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ चुकी है, उनके स्वजनों को भी मुआवजा नहीं दिया गया। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि सभी प्रभावित परिवारों को मुआवजा कब और किस आधार पर दिया जाएगा। दिग्विजय सिंह ने प्रशासन द्वारा की जा रही बुलडोजर कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि वे बुलडोजर संस्कृति के खिलाफ हैं और केवल दिखावे के लिए कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। 

सिंह ने आरोप लगाया कि बीजेपी मंत्री और पूर्व मंत्री से जुड़े मामलों की अभी तक जांच नहीं हुई है। सिंह ने कहा कि सागर गोल्ड शराब यहीं बनती है, उसी से लोगों की मौत हुई लेकिन संबंधित लोगों की भी जांच नहीं हुई। उन्होंने मांग की कि जिन लोगों की भूमिका संदिग्ध है, उनके खिलाफ भी निष्पक्ष जांच और कार्रवाई हो। दिग्विजय सिंह सागर दौरे के दौरान बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) भी पहुंचे। यहां उन्होंने जहरीली शराब मामले में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।