भोपाल में आज कई रूट्स पर नहीं चलेंगी रेड बस, हड़ताल पर गए ड्राइवर-कंडक्टर

बस कर्मचारी सैलरी में कटौती और पीएफ जमा न होने को लेकर नाराज हैं और प्रदर्शन कर रहे हैं। जिसके कारण यात्रियों को परेशानी हो रही है।

Updated: Jun 19, 2023, 11:45 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज सुबह से ही रेड बस के ड्राइवर और कंडक्टर हड़ताल पर चले गए हैं। इस वजह से राजधानी के कई हिस्सों में रेड बसें नहीं चल रही हैं। जिससे यात्रियों को सुबह से ही परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रेड बस के कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक रेड बस के ड्राइवर और कंडक्टर बाग सेवनिया से कलेक्ट्रेट की तरफ पैदल ही चल दिए और बसें डिपो में खड़ी कर दीं। वे एजेंसी 'मां एसोसिएट्स' से ये कर्मचारी जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि वे ओवरटाइम ड्यूटी से परेशान हैं।

यह भी पढ़ें: MP में आज से दिखेगा बिपरजॉय का असर, ग्वालियर-चंबल में भारी बारिश का अलर्ट

BCCL (भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड) के अनुसार, कुल 368 में से 'मां एसोसिएट्स' की 49 बस चलती हैं, जो अभी बंद है। सुलह की कोशिश जारी है। अन्य बसों का संचालन हो रहा है। हालांकि, पूरे शहर में इसका असर देखा जा रहा है।

बताया जा रहा है कि बस कर्मचारी सैलरी में कटौती और पीएफ जमा न होने को लेकर नाराज हैं और प्रदर्शन कर रहे हैं। बता दें कि रेड बस भोपाल में नागरिकों के लिए आवाजाही का प्रमुख साधन है। ऐसे में हड़ताल के कारण छात्र, नौकरीपेशा व अन्य यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।