यूक्रेन के 65 कैदियों को लेकर जा रहा रूस का प्लेन क्रैश, सभी के मारे जाने की आशंका

दुर्घटना के समय प्लेन में युद्धबंदियों के अलावा चालक दल के छह सदस्य और तीन अन्य लोग भी सवार थे।

Updated: Jan 24, 2024, 05:08 PM IST

रूस का मिलिट्री प्लेन इल्यूशिन II-76 यूक्रेन की सीमा से सटे इलाके बेलगोरोद में क्रैश हुआ है। इस प्लेन से यूक्रेन के 65 युद्धबंदियों को ले जाया जा रहा था। हादसा पश्चिमी बेलगोरोड क्षेत्र में रूसी समय के मुताबिक सुबह करीब 11 बजे हुआ है। हादसे में सभी 65 युद्धबंदियों के मौत की आशंका है।

RT इंडिया के तरफ से जारी किए गए एक वीडियो में रूसी मिलिट्री का एक ट्रांसपोर्ट प्लेन अचानक तेजी से नीचे आते हुए और एक छोटी रिफाइनरी से कुछ दूरी पर क्रैश होते हुए देखा जा सकता है। यह प्लेन ल्यूशिन Il-76 था और इसकी लंबाई 164 फीट थी। प्लेन में क्रैशिंग के बाद आग लग गई।

RIA-नोवोस्ती न्यूज एजेंसी ने रूस के रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया कि विमान में यूक्रेन के 65 सैनिक थे, जिन्हें पहले बंदी बनाया गया था। इन्हें करार के तहत रूसी सैनिकों की रिहाई के बदले छोड़ा जा रहा था। ये एक्सचेंज यूक्रेन बॉर्डर पर होना था। विमान में 6 क्रू मेंबर्स और 3 एस्कॉर्ट्स भी सवार थे।

जनवरी की शुरुआत में दोनों देशों के बीच 23 महीने से जारी जंग में सबसे बड़ा प्रिजनर एक्सचेंज यानी कैदियों की अदला-बदली हुई थी। यह प्रिजनर एक्सचेंज UAE के अफसरों की मध्यस्थता और निगरानी में हुआ था। इस दौरान रूस ने यूक्रेन के 230 नागरिकों को तो वहीं यूक्रेन ने रूस के 248 कैदियों को रिहा किया था।