तीन-तीन कैबिनेट मंत्रियों के बावजूद मूलभूत सुविधाओं से वंचित है सागर: अरुण यादव

पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र में रोजगार के अभाव में युवा पलायन कर रहे। सागर जिले में अवैध शराब का कारोबार खूब फल-फूल रहा है। यहां गली-गली में अवैध शराब की बिक्री हो रही है जिससे युवा नशे की गिरफ्त में जा रहे हैं: अरुण यादव

Updated: Jun 03, 2023, 06:19 PM IST

सागर। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने कमर कस ली है। कांग्रेस के तमाम सीनियर नेता प्रदेशभर के दौरे कर रहे हैं। इसी क्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव मिशन बुंदेलखंड पर निकले हैं। शुक्रवार को बीना में परिवर्तन रैली को संबोधित करने के बाद शनिवार को अरुण यादव सागर पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा मंत्रियों पर निशाना साधते हुए कहा कि जिले में तीन-तीन मंत्री हैं, बावजूद सागर मूलभूत सुविधाओं से वंचित है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री अरूण यादव ने सागर में प्रेस को संबोधित करते हुए कहा, "मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार घोटालों की सरकार बन चुकी है। शिवराज सरकार के घोटालों की अति हो गई है। इन्होनें भगवान महाकाल को भी नहीं बख्शा है। साल 2018 में कमलनाथ के नेतृत्व में जनता की चुनी हुई सरकार बनी थी। तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ ने महाकाल लोक के सौंदर्यीकरण एवं मरम्मत एवं अन्य विकास कार्यों को पूर्ण करने के लिए 350 करोड़ का बजट स्वीकृत किया था। भाजपा सरकार ने इसका ठेका गुजरात की कंपनी को देकर जी भरकर भ्रष्टाचार किया। आज महाकाल लोक की स्थिति आपके सामने है। अगर शिवराज सिंह में रत्ती भर भी शर्म बची हो तो इसकी निष्पक्ष जॉच कराएं।"

यह भी पढ़ें: कांग्रेस की सरकार बनते ही बीना को जिला बनाएंगे, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव का बड़ा ऐलान

अरुण यादव ने आगे कहा कि, "सागर जिले से तीन-
तीन केबिनेट मंत्री सरकार में है, लेकिन सागर जिला मूलभूत सुविधाओं से आज भी वंचित है। पानी, बिजली और सड़क जैसी सुविधाओं के लिए स्थानीय निवासी तरस रहे हैं। यहां भी स्थानीय ठेकेदारों को काम नहीं दिया जाता है। सरकार द्वारा निर्माण कार्यों के ठेके गुजरात की कंपनियों को दिए जा रहे हैं। ऐसे में यहॉ के स्थानीय युवाओं को रोजगार कैसे मिलेगा। पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र में रोजगार के अभाव में युवा यहां से पलायन कर रहे हैं"

यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि, "सागर जिले में अवैध शराब का कारोबार खूब फल-फूल रहा है। यहां गली-गली में अवैध शराब की बिक्री हो रही है जिससे युवा नशे की गिरफ्त में जा रहे हैं। इसपर सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है।" यादव ने सागर के ऐतिहासिक तालाब की दुर्दशा पर चिंता जताते हुए कहा कि भाजपा सरकार के मंत्रियों, सांसद व विधायकों ने स्मार्ट सिटी की आड़ में इस विरासत को भी भ्रष्टाचार की बली चढ़ा दिया है।

बीते दिनों दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान के साथ हुई मध्य प्रदेश के नेताओं की बैठक को लेकर यादव ने कहा कि कांग्रेस में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ आयोजित बैठक में मध्य प्रदेश की वर्तमान परिस्थितियों पर लंबी चर्चा हुई है। हमनें आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर मिशन 150 का लक्ष्य निर्धारित कर कार्ययोजना पर अमल प्रारंभ कर दिया है। इसके लिए हमारी वचन पत्र कमेटी जोरशोर से कार्य कर रही है। आगामी चुनाव हम किसान कर्ज माफी, महंगाई, बिजली बिल, 500 में रसोई गैस सिलेण्डर, 1500 रू प्रतिमाह, संविदा कर्मियों के नियमितिकरण एवं अन्य कई बिन्दुओं पर कार्य कर रहे हैं।