सलमान हत्याकांड: 24 घंटे बाद भी धरने पर डटे हुए हैं दिग्विजय सिंह, कमलनाथ बोले- न्याय दिलाकर रहेंगे

कांग्रेस कार्यकर्ता सलमान खान के हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह 24 घंटे से अधिक समय से खजुराहो थाना में धरने पर हैं। बावजूद, पुलिस आरोपी भाजपा नेताओं को गिरफ्तार नहीं कर रही है।

Updated: Nov 19, 2023, 04:06 PM IST

खजुराहो। मध्य प्रदेश के छतरपुर में कांग्रेस कार्यकर्ता सलमान खान की हत्या मामले में पार्टी आर-पार की लड़ाई के मूड में नजर आ रही है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस के दिग्गज नेता व पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह शनिवार दोपहर से सत्याग्रह पर बैठे हुए हैं। 24 घंटे गुजरने के बाद भी सिंह मोर्चे पर डटे हुए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि आरोपी भाजपा नेताओं की गिरफ्तारी तक वे धरने से नहीं उठेंगे।

सलमान के परिजनों ने तीसरे दिन भी शव को सुपुर्द-ए-खाक नहीं किया है। बॉडी डीकंपोज न हो इसके लिए उसे डीप फ्रीजर में रखा गया है। परिजनों का कहना है कि इंसाफ मिलने के बाद ही वे सलमान के शव को मिट्‌टी देंगे। वहीं, पूर्व सीएम ने भी स्पष्ट कहा है कि न्याय की इस लड़ाई में वे पीड़ित परिजनों के साथ अंत तक खड़े रहेंगे चाहे कुछ भी हो जाए। दिग्विजय सिंह के साथ उनकी पत्नी अमृता राय, राजनगर कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह नातीराजा, छतरपुर प्रत्याशी आलोक चतुर्वेदी और महाराजपुर प्रत्याशी नीरज दीक्षित समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी मौजूद हैं।

शनिवार की रात कड़ाके की ठंड के बावजूद दिग्विजय सिंह कार्यकर्ताओं के साथ थाने के बाहर ही खाट डालकर सो गए और सुबह से लगातार धरना अब भी जारी है। सिंह ने अपने पूर्व निर्धारित सभी कार्यक्रमों को निरस्त कर दिया है। सिंह का आरोप है कि पुलिस भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के दबाव में आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं कर रही है। दरअसल, सलमान हत्याकांड का मुख्य आरोपी राजनगर से भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया है जो शर्मा का बेहद करीबी है।

न्याय दिलाकर रहेंगे: कमलनाथ

इस हत्याकांड और पुलिस के रवैए को लेकर कमलनाथ का भी बयान सामने आया है। पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा, 'क्या हम मान लें कि मध्य प्रदेश में कानून का राज नहीं है? आखिर कौन है जो हत्यारों को बचा रहा है और किसके इशारे पर पुलिस और प्रशासन चुप्पी साध कर बैठा है? मैं कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से कहना चाहता हूं कि पूरी पार्टी एक-एक कार्यकर्ता के पीछे खड़ी है। किसी भी कार्यकर्ता पर होने वाला जुल्म, पूरी पार्टी के ऊपर हमला है। हम एकजुट होकर इस अत्याचार के खिलाफ संघर्ष करेंगे और न्याय दिलाकर रहेंगे। जो अन्याय के साथ खड़े हैं, उन्हें भी इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा।'

बता दें कि राजनगर सीट से कांग्रेस विधायक विक्रम सिंह नातीराजा के साथी सलमान खान की वोटिंग से पहले गुरुवार शुक्रवार की दरम्यानी रात गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया समेत 20 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। फिलहाल, सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी तो दूर पुलिस अबतक गवाहों के बयान भी दर्ज नहीं करा पाई है। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी देने की मांग कर रहे हैं।