दतिया में सरपंच ने की ग्रामीणों पर फायरिंग, गोली लगने से एक महिला की मौत, आरोपी फरार
जिगना थाना क्षेत्र के ग्राम बनवास में शनिवार रात हुई गोलीबारी में जहां एक महिला की मौत हो गई, वहीं के युवती गंभीर रूप से घायल है। मामले में गांव के सरपंच सहित 13 लोगों को नामजद किया गया है।

दतिया के वनवास गांव में शनिवार देर रात सरपंच द्वारा की गई फायरिंग में एक महिला की मौत हो गई। वहीं एक युवती घायल हो गई। जिसका इलाज जिला अस्पताल में जारी है। बताया जा रहा है कि आपसी विवाद के कारण ये गोलीबारी की घटना हुई।
जानकारी के मुताबिक वनवास गांव के रतिराम यादव का विवाद बीते शुक्रवार शाम गांव के सरपंच अरविंद्र यादव के भाई रविन्द्र के साथ हुआ था। दोनों में शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि बाद में ग्रामीणों ने मामला शांत करा दिया था। सरपंच अरविंद्र यादव इसी बात से नाराज होकर अपने साथियों के साथ शनिवार रात रतिराम के घर पहुंचा और विवाद करने लगा।
इस दौरान उसने पहले लाठी डंडों से घर के लोगों के साथ मारपीट की और फिर विवाद बड़ने पर अरविंद्र ने फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान गोली रतिराम की बहू अहिल्या के सीने में लगी जिस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक गोली लगने से भतीजी घायल हो गई। आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए।
इस घटना का एक 1 मिनट 49 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें लोग लोग विवाद करते नजर आ रहे हैं। जिस में से कुछ लोगों के हाथ में लाठी डंडे दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान एक फायर की आवाज भी सुनाई देती है। बाद में एक युवती हाथ पकड़ कर भागती नजर आती है। जिस के हाथ में गोली लगी होती है। फायर की आवाज सुन मौके पर अफरातफरी मच जाती है।
घटना की जानकारी लगते ही, एसपी वीरेंद्र मिश्रा मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बात कर विवाद का कारण जाना और पूरे मामले की खुद छानबीन की। एसपी मिश्रा का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मामले में गांव के सरपंच सहित 13 लोगों को नामजद किया गया है।