मध्य प्रदेश में कड़ाके की सर्दी, 5 शहरों में तापमान 5 डिग्री से नीचे, कोल्ड वेव का अलर्ट जारी

शनिवार रात मध्य प्रदेश के आधे से ज्यादा शहरों में न्यूनतम तापमान गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। भोपाल-इंदौर में इस सीजन की सबसे सर्द रात शनिवार की रही।

Updated: Jan 21, 2024, 11:17 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं से पूरा मध्य प्रदेश ठिठुर गया है। रविवार सुबह भोपाल, दतिया, सतना, टीकमगढ़ में शीतलहर और घना कोहरा रहा। विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रह गई। ग्वालियर, भिंड, नर्मदापुरम, रायसेन, विदिशा और दूसरे शहरों में भी धुंध का चादर देखने को मिला।

दरअसल, शनिवार रात मध्य प्रदेश के आधे से ज्यादा शहरों में न्यूनतम तापमान गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। 5 शहरों में यह 5 डिग्री से भी नीचे रिकॉर्ड हुआ। 3.2 डिग्री के साथ दतिया की रात सबसे ठंडी रही। यहां शनिवार को दिन का पारा भी प्रदेश में सबसे कम 13.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री रहा। शनिवार दिन का तापमान ग्वालियर में 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा था।

भोपाल में इस सीजन की सबसे सर्द रात शनिवार की रही। न्यूनतम तापमान गिरकर 7.4 डिग्री पहुंच गया। इससे पहले 20 दिसंबर की रात यह 8.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। इंदौर में भी पहली बार इस सीजन में रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग ने रविवार-सोमवार के लिए प्रदेश में कड़ाके की ठंड का अलर्ट जारी किया है। आज और कल उत्तरी हवाओं का असर ज्यादा रहेगा। इस कारण कोल्ड-वेव और कोल्ड-डे की स्थिति बनी रहेगी।