शिवपुरी: मजदूरी नहीं मिलने से परेशान मजदूर ने खाया जहर, सीएम हेल्पलाइन से भी नहीं मिली मदद

मजदूर को गंभीर हालात में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां फिलहाल मजदूर की हालत खतरे से बाहर है। 

Publish: Sep 19, 2023, 04:37 PM IST


शिवपुरी: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से आत्महत्या के प्रयास का संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां एक मजदूर ने मजदूरी नहीं मिलने के कारण परेशान होकर आत्महत्या करने की कोशिश की। मजदूर ने आत्महत्या का प्रयास करते हुए जहर खा लिया जिससे बाद उसे गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक सोमवार शाम को मजदूर बड़ी उम्मीद से अपने काम की मजदूरी मांगने गया था लेकिन उसे मजदूरी नहीं मिली। जिसके बाद हताश उसने जहर खा लिया। जिसके बाद मजदूर के पिता आनन फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां अब उसकी हालत खतरे से बाहर है। वहीं मामले की जानकारी लगते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची। शिवपुरी पुलिस ने मामला संज्ञान में लेकर विवेचना शुरू कर दी है।

अस्पताल चौकी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आत्महत्या के प्रयास करने वाले मजदूर के का नाम संजय रजक है। उसके पिता लालाराम रजक ने पुलिस को बताया कि मेरा बेटा संजय मकान बनाने वाला कारीगर है। वह मजदूरी करके अपना घर चलाता है। उसने दर्पण कॉलोनी में एक मकान बनाया था। जिसकी मजदूरी करीब 50 हजार रुपए हुई थी। मकान के मालिक ने उसे काफी दिनों तक पैसे नहीं दिए। जिससे वह काफी परेशान हो गया था।

वह कई बार पैसे लेने मकान मालिक के पास गया लेकिन उसने मजदूरी नहीं दी। इसके साथ ही मकान मालिक मेरे बेटे को धमकी भी देने लगा। इसके बाद हताश होकर मेरे बेटे संजय ने 181 पर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से शिकायत की। वहां से भी किसी तरह का निराकरण नहीं हुआ तो परेशान होकर उसने जहर खा लिया। 
पुलिस ने यह मामला संज्ञान में लेकर विवेचना शुरू कर दी है। वहीं इस घटना के बाद से 181 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर कार्रवाई नहीं होने पर संबंधितों अधिकारियों को भी मामले की जानकारी दी।