शिवराज कैबिनेट का फेरबदल जल्द, नॉन परफॉर्मिंग मंत्रियों की होगी छुट्टी, नए चेहरे होंगे शामिल

वर्तमान में मुख्यमंत्री को मिलाकर कैबिनेट में 31 सदस्य हैं। चार पद रिक्त हैं। रिक्त पदों के अलावा नॉन परफॉर्मेंस वाले मंत्रियों को बदला जा सकता है।

Updated: Nov 13, 2022, 04:58 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार का तीसरा कैबिनेट विस्तार जल्द होने वाला है। बताया जा रहा है कि इसमें 10 से 12 नए चेहरे मंत्रिमंडल में शामिल होंगे। हाल ही में हुई दो कोर कमेटियों में इस पर सहमति बन गई है। वहीं, कुछ मंत्रियों की शिकायतें भी कोर कमेटी तक पहुंची हैं।

दरअसल, वर्तमान में मुख्यमंत्री को मिलाकर कैबिनेट में 31 सदस्य हैं। चार पद रिक्त हैं। रिक्त पदों के अलावा नॉन परफॉर्मेंस वाले मंत्रियों को बदला जा सकता है। कैबिनेट विस्तार दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में होने वाला है। गुजरात और हिमाचल चुनाव के नतीजे आने के बाद एमपी में फेरबदल होगा।

यह भी पढ़ें: भारत जोड़ो यात्रा के लिए MP कांग्रेस ने झोंकी ताकत, 15 नवंबर को इंदौर में दिग्विजय सिंह ने बुलाई बैठक

रिपोर्ट्स के मुताबिक नॉन परफॉर्मिंग मंत्रियों में कुछ सिंधिया समर्थक विधायकों का भी नाम शामिल है। ऐसे में पार्टी उन्हें मंत्री पद से हटा देगी। सिंधिया कोटे से कुल उनके कोटे से 6 कैबिनेट और तीन राज्यमंत्री हैं।  इनमें दो अथवा तीन लोगों की मंत्री पद जा सकती है।

मंत्री पद के नए दावेदारों में गुना से जजपाल सिंह जज्जी, रीवा से राजेंद्र शुक्ला व शरदेंदु तिवारी, कटनी से संजय सत्येंद्र पाठक और भोपाल से रामेश्वर शर्मा का नाम शामिल है। शीतकालीन सत्र खत्म होने के तुरंत बाद कैबिनेट विस्तार किया जाएगा।