दो दशक पहले बनी सड़कों को मेंटेन भी नहीं कर पा रही शिवराज सरकार, भारत जोड़ो यात्रा के धूल भरे स्वागत पर बोले दिग्विजय सिंह

मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा का पहला दिन संपन्न, राहुल गांधी के साथ सड़कों पर दिखा जनसैलाब, बदहाल सड़कों को लेकर दिग्विजय सिंह ने सीएम चौहान पर साधा निशाना।

Updated: Nov 24, 2022, 02:08 AM IST

बुरहानपुर। मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा का पहला दिन आज संपन्न हुआ। इस दौरान बुरहानपुर की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। यात्रा का स्वागत भव्य हुआ लेकिन धूल के कारण कांग्रेस नेताओं को खासी परेशानी हुई। दरअसल, सड़कें धूल से पटी हुई थी।

प्रदेश में धूल भरी स्वागत को लेकर पूर्व सीएम व भारत जोड़ो यात्रा आयोजन समिति के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने सीएम चौहान को निशाने पर लिया। सिंह ने कहा कि, 'शिवराज सरकार दो दशक पहले बनी सड़कों को मेंटेन भी नहीं कर पा रही है।'

इससे पहले मीडिया को संबोधित करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि, 'हम सभी धर्म का सम्मान करते हैं। हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी धर्म का मूल मानवता है।' सिंह ने पीएम मोदी को लेकर कहा कि, 'उनमें अहंकार हो गया है, वे कहते हैं कि मेरे कारण गुजरात का विकास हुआ।'

यह भी पढ़ें: जयराम पहले लैपटॉप के उस्ताद थे, अब पदयात्रा के भी उस्ताद हो गए हैं: बुरहानपुर में बोले दिग्विजय सिंह

बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा को लेकर मध्य प्रदेश के लोगों में जबरदस्त उत्साह है। खास बात यह है कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी कल से यात्रा में शामिल हो रही हैं। यह पहली बार है जब प्रियंका गांधी भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ कदमताल करेंगी। प्रियंका सपरिवार यात्रा में शामिल हो रही हैं।