सिरोंज भाजपा विधायक ने बताया जान को खतरा, शिवराज सरकार पर सुरक्षा नहीं देने का लगाया आरोप

भाजपा विधायक उमाकांत शर्मा ने राजनीतिक विरोधियों, भ्रष्ट अधिकारियों और कुछ बिल्डर्स से अपनी जान को खतरा बताया है।

Updated: Apr 24, 2023, 07:13 PM IST

विदिशा। मध्य प्रदेश में आपराधिक घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। आलम ये है कि भाजपा शासन में खुद भाजपा के ही विधायक असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। विदिशा जिले के सिरोंज से विधायक उमाकांत शर्मा ने कहा है कि उनकी जान को खतरा है। शर्मा ने राज्य सरकार पर पर्याप्त सुरक्षा नहीं देने का भी आरोप लगाया है।

सिरोंज विधानसभा से भाजपा विधायक उमाकांत शर्मा ने सोमवार को मीडियाकर्मियों से कहा कि कुछ पुराने कर्मचारी-अधिकारी जिनके खिलाफ मैंने नियमानुसार कार्रवाई करवाई है, कुछ अवैध बिल्डर और कुछ राजनीतिक विरोधी मुझे बदनाम करना चाहते हैं। वे मेरे खिलाफ पहले भी षड़तंत्र कर चुके हैं और अब मुझे जान से खत्म करना चाहते हैं।

यह भी पढ़ें: अवैध फीस वसूली के खिलाफ NSUI ने खोला मोर्चा, भोपाल के TIT कॉलेज में धरने पर बैठे दर्जनों छात्र

विधायक उमाकांत शर्मा ने कहा कि जिला कलेक्टर से लकेर, एसपी और मुख्य सचिव तक कई बार लिखित में ये जानकारियां दे चुका हूं। बावजूद मेरी सुरक्षा के प्रति स्थानीय पुलिस (सिरोंज और जिला पुलिस) बिलकुल सावधान नहीं है। कभी भी मेरी हत्या हो सकती है। लेकिन मुझे शासन द्वारा पर्याप्त सुरक्षा नहीं दिया जा रहा है।

बता दें कि पिछले साल उमाकांत शर्मा को फोन कॉल के माध्यम से जान से मारने की धमकी भी मिल चुकी है। उन्होंने तब भी मीडिया के माध्यम से सरकार से पर्याप्त सुरक्षा देने की गुहार लगाई थी। लेकिन, इस संबंध में कोई फैसला नहीं लिया गया। उनकी जान पर हमेशा खतरे की आशंका रहती है, बावजूद शासकीय अधिकारी गंभीर नहीं हैं। ऐसे में अब सवाल उठता है कि जब राज्य में सत्ताधारी दल के विधायक सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे तो, आम आदमी का क्या होगा?