MP के सभी 230 विधानसभा सीटों पर सुंदरकांड का पाठ करेगी कांग्रेस, धर्म एवं उत्सव प्रकोष्ठ की पहल

कर्नाटक में प्रचंड जीत के बाद कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में चुनाव से पहले राज्य की सभी 230 विधानसभाओं में सुंदरकांड और भगवदगीता का पाठ कराने का फैसला किया है। इसके अलावा शिवपुराण का आयोजन भी किया जाएगा।

Updated: May 30, 2023, 06:15 PM IST

भोपाल। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद कांग्रेस अब मध्य प्रदेश पर फोकस कर रही है। मध्य प्रदेश में राहुल गांधी के 150 सीटें जीतने के दावे ने भी पार्टी में नया जोश भर दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने धर्म के मोर्चे पर भी भाजपा को घेरने की विशेष रणनीति तैयार की है। इसके तहत मध्य प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस सुंदरकांड का पाठ करेगी।

कांग्रेस की धर्म एवं उत्सव प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष ऋचा गोस्वामी ने बताया कि हम प्रदेश की 230 विधानसभा क्षेत्रों में सुंदरकांड का 108 बार पाठ करेंगे। इसके साथ ही बड़े स्थानों पर श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन होगा। इसके अलावा शिवपुराण और रुद्राभिषेक का आयोजन भी किया जाएगा। सप्ताह में मंगलवार और शनिवार के दिन सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा, जिसमें मौजूदा विधायक, पूर्व विधायक, जनप्रतिनिधि से लेकर विधानसभा सीट के दावेदार भी शामिल होंगे

कांग्रेस धर्म एवं उत्सव प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष ऋचा गोस्वामी का कहना है कि दो साल पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने इस प्रकोष्ठ की स्थापना की थी। उन्होंने कहा कि पहली बार किसी राजनीतिक दल ने धर्म को इंगित करते हुए किसी प्रकोष्ठ का गठन किया था। इसके अंतर्गत दो साल में करीब 30 से ज्यादा बड़े धार्मिक आयोजन किए हैं। इसके तहत भागवत कथा, रासलीला और शिवपुराण जैसे आयोजन किए गए हैं।

यह भी पढ़ें: शिवराज सरकार का कारनामा, कन्यादान योजना के तहत दुल्हनों को उपहार में दिया कंडोम

ऋचा गोस्वामी के मुताबिक प्रकोष्ठ का उद्देश्य लोगों को सनातन धर्म का अनुसरण करने, उनका मार्गदर्शन करना है। धर्म आडंबर विहीन हो। इसमें अनुष्ठानों का विशेष ध्यान रखा जाए। इन सबको ध्यान में रखते हुए यह प्रकोष्ठ पिछले दो साल से कार्यरत है। गोस्वामी ने कहा कि कमलनाथ सरकार ने प्रदेश में गौशालाओं के निर्माण के साथ-साथ रामपथ गमन के निर्माण के लिए बजट का प्रावधान किया था। खुद कमलनाथ जी ने छिंदवाड़ा के सिमरिया में 101 फीट ऊंची हनुमान की प्रतिमा का निर्माण कराया है। 

बता दें कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस सभी मोर्चे पर सत्ताधारी दल को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ रही। महाकाल लोक निर्माण कार्य में घोटाले का मुद्दा भी कांग्रेस जोर शोर से उठा रही है। वहीं, अब सुंदरकांड पाठ जैसे धार्मिक आयोजनों के जरिए पार्टी बहु संख्यक हिंदू वोटरों को साधने की कोशिश में है।