इंदौर: मुश्किल में फंसी बबीताजी, एक्ट्रेस के विवादित बयान के खिलाफ प्रदर्शन, एट्रोसिटी एक्ट के तहत मामला दर्ज करने की मांग

एक्ट्रेस मुनमुन दत्ता के खिलाफ इंदौर में प्रदर्शन, वीडियो में जाति सूचक शब्द का प्रयोग करने का लगा आरोप, इंदौर में दलित समाज और नगर निगम के सफाई कर्मियों ने FIR की मांग की

Updated: May 12, 2021, 03:24 PM IST

Photo courtesy: news 18
Photo courtesy: news 18

इंदौर। दलित समाज और नगर निगम के सफाई कर्मियों ने एक्ट्रेस मुनमुन दत्ता के खिलाफ इंदौर में प्रदर्शन किया। उन्होंने आईजी हरिनाराणचारी मिश्र से एक्ट्रेस के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। जाने माने टीवी सीरियल तारक मेहता का उल्टा चश्मा की बबीताजी याने एक्ट्रेस मुनमुन दत्ता पर दलित समाज पर आपत्ति जनक टिप्पणी करने का आरोप लगा है। जिसे लेकर इंदौर में एक्ट्रेस के खिलाफ लोग भड़क गए और प्रदर्शन किया। गुस्साए लोगों ने आईजी हरिनाराणचारी मिश्र से एक्ट्रेस पर एट्रोसिटी एक्ट के तहत मामला दर्ज करने की मांग की है।

हाल ही में एक्ट्रेस मुनमुन दत्ता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ है। इस वीडियो में वे समाज विशेष के बारे में बात कर रही थी। जिसपर उन्होंने कुछ ऐसी टिप्पणी की जिससे बवाल मच गया है। एक्ट्रेस का विरोध में देशभर में हो रहा है। वहीं इंदौर में लोगों ने एक्ट्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एक्ट्रेस के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की लोगों ने एक्ट्रेस पर केस दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है। बुधवार को दलित समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगर निगम के सफाई कर्मियों ने एक्ट्रेस मुनमुन दत्ता के खिलाफ इंदौर में प्रदर्शन किया।

 दरअसल सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक्ट्रेस मुनमुन मेकअप के बारे में बात करती दिखाई देती हैं। जिसमें उन्होंने कहा था कि वो यूट्यूब पर आने वाली हैं। जिसके लिए वे अच्छी दिखना चाहती हैं। इसके बाद उन्होंने एक जाति विशेष का नाम लिया था, और कहा था कि वे वैसी नहीं दिखाना चाहतीं। जिसके बाद लोगों ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया।

एक्ट्रेस के खिलाफ मध्य प्रदेश के अलावा उत्तर प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र और गुजरात प्रदर्शन किया गया है। इन राज्यों में वाल्मीकी समाज ने थानों में शिकायत दर्ज करवाई है। इसी कड़ी में बुधवार को इंदौर के आईजी हरिनारायणचारी से भी दलित नेता मनोज परमार ने केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

 मामला तूल पकड़ता देख एक्ट्रेस मुनमुन दत्ता पहले ही सफाई दे चुकी हैं कि उन्हें भाषा कि समस्या है,  उनका इरादा किसी की भावना को ठेस पहुंचाना नहीं था। बाद में उन्होंने वह पोस्ट सोशल मीडिया से हटा दी थी। लेकिन वीडियो सोशल मीडिया पर कई बार शेयर औऱ पोस्ट किया गया। अब इंदौर में भी उनके खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग लोगों ने की है।