इनका राजनीतिक अस्तित्व भी समाप्त हो जाएगा, भाजपा से केंद्रीय मंत्रियों को टिकट मिलने पर बोले सुरजेवाला

इन टिकिटों की घोषणा के बाद महाराज और शिवराज कह रहे हैं, -"न रहेगा बाँस न बजेगी बाँसुरी।" अर्थात हमारी सत्ता तो जा ही रही है, मगर हमारे साथ साथ इन नेताओं का राजनीतिक अस्तित्व भी समाप्त हो जाएगा: रणदीप सुरजेवाला

Updated: Sep 26, 2023, 10:42 AM IST

भोपाल। बीजेपी ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची जारी कर दी है। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद पटेल और फग्गन सिंह कुलस्ते के साथ सात सांसद 2023 के विधानसभा चुनाव में कूदने जा रहे हैं। केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों को टिकट मिलने पर कांग्रेस प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि इन नेताओं का राजनीतिक अस्तित्व भी समाप्त हो जाएगा।

सुरजेवाला ने ट्वीट किया, 'मध्य प्रदेश में BJP की दूसरी लिस्ट का सच। हम तो डूबेंगे, तुम्हें भी ले डूबेंगे सनम। 18 सालों में मध्य प्रदेश को भाजपा की सरकार ने बर्बादी की कगार पर पहुँचा दिया। ये बात प्रदेश की जनता के साथ साथ भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व भी जान रहा है। इसीलिए 15 दिन पहले श्रीमान अमित शाह और कल मोदी जी ने शिवराज जी के नाम और काम से किनारा कर लिया। ये बात शिवराज सिंह जी को मन ही मन बहुत सालती थी। दूसरी ओर सिंधिया जी भी अपनी लोकसभा की हार तथा अपने क्षेत्र में लगातार  स्थानीय निकायों की हार से भी हताश थे। बस दोनों नेताओं ने अपने सभी प्रतिद्वंदियों को ठिकाने लगाने का मन बनाया।'

सुरजेवाला ने आगे लिखा, 'केंद्रीय नेतृत्त्व को शिवराज और महाराज ने बताया कि मध्य प्रदेश में जीर्णशीर्ण हो चुकी सत्ता की डूबती नाव की पतवार को अब नरेंद्र तोमर, प्रहलाद पटेल, फग्गनसिंह कुलस्ते ,कैलाश विजयवर्गीय और राकेश सिंह की ज़रूरत है। मगर असल में शिवराज और महाराज की मंशा ,"हम तो डूबेंगे, तुम्हें भी ले डूबेंगे सनम" की है, ये साफ़ है। इस बात को कैलाश विजयवर्गीय ने एक इंटरव्यू में कहा भी  कि हमको टिकिट देकर केंद्रीय नेतृत्त्व ने चौंका दिया।'

सुरजेवाला आगे लिखते हैं, 'इन टिकिटों की घोषणा के बाद महाराज और शिवराज कह रहे हैं, -"न रहेगा बाँस न बजेगी बाँसुरी।" अर्थात हमारी सत्ता तो जा ही रही है, मगर हमारे साथ साथ इन नेताओं का राजनीतिक अस्तित्व भी समाप्त हो जाएगा। कांग्रेस का भय भाजपा को कैसे सताता है, ये साफ़ है। मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गाँधी, कमलनाथ जी के व्यक्तित्व का ख़ौफ़ देखिए, मध्यप्रदेश की बहादुर जनता का आक्रोश देखिये। एक मुख्यमंत्री, तीन केंद्रीय मंत्री सहित 7 सांसद, एक राष्ट्रीय महासचिव, मगर फिर भी सत्ता नहीं बच पाएगी।'

बता दें कि भाजपा ने चौंकाते हुए अपने सभी बड़े नेताओं को मैदान में उतार दिया है। पार्टी ने सात मौजूदा सांसदों को चुनावी मैदान में उतारा है। इनमें से तीन नाम नरेंद्र सिंह तोमर, प्रह्लाद पटेल और कैलाश विजयवर्गीय तो वो हैं, जिनके नाम सीएम पद के रेस में आ चुके हैं। पार्टी ने तीन-तीन केंद्रीय मंत्रियों के भारी भरकम पोर्टफोलियो के बावजूद उन्हें विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए मजबूर कर दिया है।