जात पात के नाम पर देश को बांटने का पाप कर रहे हैं, ग्वालियर में पीएम मोदी ने विपक्षी दलों पर बोला हमला

पीएम मोदी ने कहा कि विपक्ष आज भी जात-पात की राजनीति कर रहा है। ये डबल इंजन की सरकार का परिणाम है कि हमने मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी से टॉप 10 राज्यों में ला दिया।

Updated: Oct 02, 2023, 06:01 PM IST

ग्वालियर। बिहार सरकार ने सोमवार को जातिगत जनगणना के आंकड़े जारी किए हैं। मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस सरकार में आने के बाद कास्ट सेंसस कराने का वादा कर चुकी है। इसी बीच सोमवार को ग्वालियर पहुंचे पीएम मोदी ने कहा कि विपक्षी दल जात पात के नाम पर देश को बांटने का पाप कर रहे हैं।

पीएम मोद ने ग्वालियर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'जो लोग भारत विरोधी हैं वो जातिपात के नाम पर देश को बांट रहे हैं। इन लोगों के पेट में दर्द हो रहा है, इन्हें भारत का विकास पसंद नहीं आ रहा है। विकास विरोधी तब भी गरीबों की भावनाओं से खेलते थे और आज भी खेलते हैं। वो तब भी जात-पात के नाम पर लोगों को बांटते थे और आज भी यही पाप कर रहे हैं। इन विकास विरोधियों की सरकार जहां भी आती है वहां क्राइम और करप्शन सबसे ज्यादा बढ़ा है।'

पीएम मोदी ने इस दौरान लोगों से अपील करते हुए कहा कि आपका एक वोट विकास की गति को और अधिक रफ्तार दे सकता है। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि एक दिन में हमने इतनी योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया है जो पहले की सरकार एक साल में नहीं कर पाती थी। नौ साल में अगर इतना काम हो सकता है तो 60 साल में क्यों नहीं हो सकता था। 

पीएम मोदी ने आगे कहा कि मध्य प्रदेश के लोगों का भरोसा डबल इंजन वाली सरकार पर है। बीते सालों में हमारी सरकार मध्य प्रदेश को बीमारू राज्यों से देश के टॉप टेन राज्यों में ले आई है। यहां से हमारा लक्ष्य एमपी को देश के टॉप तीन राज्यों में ले जाने का है। आपका एक वोट मध्य प्रदेश को टॉप थ्री में पहुंचाएगा।

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि मध्य प्रदेश का विकास वो लोग नहीं कर सकते, जिनके पास नई सोच नहीं है। ना ही विकास का रोड मैप है। इनका सिर्फ एक ही काम है। देश से नफरत, भारत की योजनाओं से नफरत। अपनी नफरत में ये देश की उपलब्धियों को भी भूल जाते है। आज पूरी दुनिया भारत का गौरवगान कर रही है, लेकिन जो लोग जिन्हें कुर्सी के सिवाय कुछ नहीं दिखता। उन्हें भारत का विकास अच्छा नहीं लग रहा है।