उमा भारती नहीं लड़ेंगी मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव, अटकलों को किया खारिज
उमा भारती ने मध्य प्रदेश विधान सभा में उनके चुनाव लड़ने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि वे विधान सभा चुनाव नहीं लड़ेंगी।

भोपाल। मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रहीं थीं। अब उमा ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि वे मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगीं। मीडिया में उमा भारती के पार्टी नेताओं से नाराज चलने की खबरें भी फैल रही हैं। शराबबंदी और फिर जन आशीर्वाद यात्रा में नहीं बुलाए जाने पर वे खुलकर नाराजगी भी जाहिर कर चुकी हैं।
उमा ने बुधवार को ट्वीट करते हुए लिखा कि वे 2023 में होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगीं। अनुमान लगाए जा रहे हैं उसे खारिज कर दीजिए। उन्होंने आगे लिखा-जो भी समचार छपता है वो तथ्य और अनुमान दोनों के मेल से बनता है। कई बार सत्य अनुमान पर भारी पड़ जाता है और अनुमान गलत हो जाता है। मैं 2023 के विधान सभा चुनाव में पार्टी के लिए प्रचार भले ही करूं। किंतु मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने वाली।
1. जो भी समाचार छपता है वह तथ्य एवं अनुमान दोनों के मेल से बनता है। कई बार अनुमान सत्य पर भारी पड़ जाता है और अनुमान गलत होता है।
— Uma Bharti (@umasribharti) September 6, 2023
2. मैं मध्य प्रदेश के 2023 के विधानसभा चुनाव में प्रचार भले ही करूं किंतु म.प्र. विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ने वाली। आप इस अनुमान को खारिज कर दीजिए।
बता दें उमा भारती ने बीते दिनों कहा था कि वे 2024 में लोकसभा चुनाव जरुर लड़ेंगी। वे 2014 में उत्तर प्रदेश के झांसी से लोकसभा सांसद भी चुनी गईं थीं। 2019 में उन्होंने चुनाव न लड़ने का फैसला किया था।