केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां का निधन, 3 महीने से दिल्ली के AIIMS में थीं भर्ती
ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां राजमाता माधवी राजे सिंधिया का निधन हो गया है। वे 70 साल की थीं। पिछले तीन महीने से बीमार होने से दिल्ली एम्स में भर्ती थीं।

ग्वालियर। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां राजमाता माधवी राजे सिंधिया का निधन हो गया है। उन्होंने 70 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। वह पिछले तीन महीने से बीमार होने के कारण दिल्ली एम्स में भर्ती थीं। उनका अंतिम संस्कार ग्वालियर में गुरुवार सुबह 11 बजे किया जाएगा।
दिल्ली के एम्स से जुड़े सूत्रों ने कहा कि माधवी राजे ने सुबह 9:28 बजे अंतिम सांस ली। पिछले कुछ दिन से वह वेंटिलेटर पर थीं और जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही थीं। उन्हें 15 फरवरी को एम्स में भर्ती किया गया था। उन्हें सेप्सिस के साथ निमोनिया भी हो गया था।
कांग्रेस के दिवंगत नेता माधवराव सिंधिया की पत्नी माधवी राजे सिंधिया मूल रूप से नेपाल की रहने वाली थीं। उनका नेपाल के राजघराने से संबंध था। उनके दादा जुद्ध शमशेर बहादुर नेपाल के प्रधानमंत्री थे। साल 1966 में उनका माधवराव सिंधिया के साथ उनका विवाह हुआ था।
विवाह के बाद वह अपने परिवार के दूसरे सदस्यों की तरह कभी राजनीति में एक्टिव नहीं रही। लेकिन बेटे और पति के चुनाव प्रचार में वह जरूर नजर आती थीं। हाल ही में चुनाव के दौरान भी उनकी कई बार ज्यादा तबियत बिगड़ गई थी, जिसके बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनकी पत्नी प्रियदर्शनी सिंधिया भी प्रचार छोड़कर दिल्ली पहुंचे थे।