नगरीय निकाय चुनाव: कांग्रेस ने किया 15 महापौर प्रत्याशियों का ऐलान, रतलाम पर मंथन जारी

भोपाल से विभा पटेल, इंदौर से संजय शुक्ला, बुरहानपुर से शहनाज संसारी होंगे कांग्रेस उम्मीदवार, जबलपुर से जगत बहादुर सिंह पर कांग्रेस ने जताया भरोसा, रीवा से अजय मिश्रा लड़ेंगे कांग्रेस की टिकट पर चुनाव।

Updated: Jun 10, 2022, 04:57 AM IST

भोपाल। कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने 16 नगरनिगमों में से 15 पर महापौर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। कांग्रेस ने केवल रतलाम नगरनिगम पर प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। रतलाम पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया के प्रभाव वाला जिला है। कांग्रेस द्वारा घोषित 15 महापौर प्रत्याशियों में से 8 महिलाओं को टिकट दिया है। वहीं इस सूची में तीन विधायक संजय शुक्ला, महेश परमार, सिद्धार्थ कुशवाहा के नाम शामिल हैं।

भोपाल से कांग्रेस ने महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष व पूर्व महापौर विभा पटेल, इंदौर से विधायक संजय शुक्ला,जबलपुर से जगत बहादुर सिंह व ग्वालियर से विधायक सतीश सिकरवार की पत्नी शोभा सिकरवार को प्रत्याशी घोषित किया है।

यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश की कर्ज कहानी पूरा देश सुन रहा है, दलाली के लिए कर्ज ले रही शिवराज सरकार: जीतू पटवारी

उज्जैन से तराना विधायक महेश परमार, सतना से विधायक सिद्धार्थ कुशवाह, मुरैना से शारदा सोलंकी, सागर से निधि जैन, रीवा से अजय मिश्रा, कटनी से श्रेया खंडेलवाल, सिंगरोली से अरविंद सिंह चंदेल, बुरहानपुर से शहनाज अंसारी, छिंदवाड़ा से विक्रम अहाके, देवास से कविता रमेश व्यास, खंडवा से आशा मिश्रा को उम्मीदवार बनाया है। 

इससे पहले आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने पत्रकारों से कहा कि मै 45 साल से राजनीति कर रहा हूं सब लोग अच्छा काम करते हैं और टिकट चाहते हैं। ऐसे में कभी-कभी तनाव हो जाता है। चुनाव में सभी लोग टिकट मांगते हैं लेकिन किसी एक को टिकट मिल पाता है। हम इसमें किसी व्यक्ति को नहीं बल्कि संगठन को मजबूत करने वाला फैसला करेंगे।

इससे पहले आज पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के निवास पर नगर निगम चुनाव को लेकर बैठक हुई जिसमें सभी प्रभारी, विधायकों से चर्चा के बाद महापौर प्रत्याशियों के नाम पर सर्व सहमति बनाई गई।