शताब्दी से 20 फीसदी अधिक किराया वसूलेगी वंदे भारत ट्रेन, दूरी और समयसीमा भी समान

भोपाल से दिल्ली जाने वाली वंदे भारत और शताब्दी की दूरी और सफर तय करने का समय एक ही है लेकिन दोनों के किराए में ज़मीन आसमान का फर्क है

Publish: Apr 02, 2023, 09:22 AM IST

भोपाल। शनिवार को मध्य प्रदेश की पहली वंदे भारत का लोकार्पण तो हो गया लेकिन इसके किराए के बारे में सुनकर आम यात्रियों के पसीने छूट गए। हवाई चप्पल में हवाई जहाज़ की सैर की राह देख रहे आम यात्री के लिए ट्रेन से भोपाल से दिल्ली तक जाना भी दूभर हो सकता है। कारण मध्य प्रदेश की पहली वंदे भारत ट्रेन की किराया है। 

रानी कमलापति से चलने वाली वंदे भारत ट्रेन का किराया शताब्दी से 20 फीसदी अधिक होगा। वह भी तब जबकि यह दोनों ही ट्रेनें एक ही समयसीमा में समान दूरी तय करेंगी। ऐसे में यात्री शताब्दी के ऊपर वंदे भारत को तरजीह देंगे इसकी उम्मीद कम ही है। 

रानी कमलापति से नई दिल्ली के निजामुद्दीन स्टेशन तक के लिए वंदे भारत चेयर कार श्रेणी के यात्रियों से 1735 रुपए वसूलेगी। जबकि एक्जीक्यूटिव श्रेणी में सफर करने वाले यात्रियों को 3185 रुपए चुकाने होंगे। दूसरी तरफ शताब्दी ट्रेन में इसी दूरी के लिए चेयर कार श्रेणी के यात्रियों को 1545 रुपए और एक्जीक्यूटिव श्रेणी का किराया 2555 रुपए है। 

रानी कमलापति स्टेशन से वंदे भारत की सेवा 3 अप्रैल से शुरू होगी। हालांकि यह ट्रेन रविवार दोपहर को दिल्ली के निजामुद्दीन स्टेशन से भोपाल के लिए रवाना हो जाएगी। दोपहर 2.40 बजे निजामुद्दीन से निकलने वाली यह ट्रेन रात 10.10 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी। 

वहीं यही ट्रेन रानी कमलापति से सुबह 5.40 में चलेगी। दोपहर 1.10 बजे यह ट्रेन दिल्ली पहुंचेगी। भोपाल से दिल्ली के बीच यह ट्रेन झांसी, ग्वालियर और आगरा में ठहराव लेगी। 2 अप्रैल से यात्री इस ट्रेन की टिकट बुक करा सकेंगे।