नरोत्तम मिश्रा का पुतला फूंकने पर 26 के खिलाफ FIR, यूथ कांग्रेस ने कहा 100 मुकदमे भी करें तो डरने वाले नहीं

बीते रविवार को भोपाल में राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के साथ हुई अभद्रता के खिलाफ विदिशा में प्रदर्शन कर रहे थे यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता, पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया

Updated: Jul 15, 2021, 12:44 PM IST

सिरोंज। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्वाचन क्षेत्र रहे विदिशा के सिरोंज में गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का पुतला दहन करना यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भारी पड़ गया। सिरोंज में मिश्रा का पुतला दहन करने के आरोप में पुलिस ने 26 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि, पुलिस के इस कार्रवाई पर चुनौती देते हुए यूथ कांग्रेस ने कहा है कि एक नहीं 100 मुकदमे कर लो लेकिन अन्याय के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी।

दरअसल, मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बीते दिनों पूर्व मुख्यमंत्री व दिग्गज कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के साथ पुलिसिया बलप्रयोग को लेकर प्रदेशभर में कल यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश देखने को मिला। प्रदर्शन के दौरान कई जगहों पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस का बलप्रयोग की खबरें सामने आई। लेकिन, विदिशा के सिरोंज में तो पुलिस ने 26 कार्यकर्ताओं के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। 

सिरोंज थाना प्रभारी गिरीश दुबे ने बताया है कि बस स्टैंड पर बुधवार को नरोत्तम मिश्रा का पुतला फूंकने के मामले में 26 लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 341, 269, 270 और 147 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इस घटना को लेकर विदिशा यूथ कांग्रेस ने सीएम शिवराज और गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को चुनौती देते हुए कहा है कि वे आगे संघर्ष करते रहेंगे।

एक नहीं 100 मुकदमे कर लो, डरने वाले नहीं- वैभव भारद्वाज

विदिशा जिलाध्यक्ष वैभव भारद्वाज ने पुलिस के कार्रवाई को लेकर कहा है कि गृहमंत्री अपने रसूख के दम पर एक नहीं बल्कि 100 मुकदमे करवा दें, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं। भारद्वाज ने कहा, 'यूथ कांग्रेस अन्याय के खिलाफ लड़ती रहेगी। हमारी आवाज को रोकने का प्रयास करने वालों को हम मुंहतोड़ जवाब देंगे। शिवराज के एफआईआर, लाठीचार्ज और वॉटर कैनन यूथ कांग्रेस को डराने में नाकामयाब हैं।'

यह भी पढ़ें: MP के सभी जिलों में जलाए गए नरोत्तम मिश्रा के पुतले, दिग्विजय सिंह के खिलाफ अभद्रता को लेकर सड़कों पर उतरी यूथ कांग्रेस

लोकतांत्रिक अधिकारों का गला घोंट रही राज्य सरकार- विक्रांत भूरिया

मामले पर मध्यप्रदेश यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने कहा है कि राज्य की शिवराज सरकार जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों का गला घोंटने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा, 'शिवराज सरकार का तानाशाही रवैए और गीदड़भभकी से यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं डरेंगे। हमारे कार्यकर्ता शेर हैं, हम ईंट का जवाब पत्थर से देना अच्छी तरह जानते हैं। शिवराज के उस तानाशाही हुकूमत को उखाड़ फेंकने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं और बीजेपी के तानाशाही का अंत निकट है।'