इंदिरा जी सीधी खड़ी रहती थीं, मोदी जी ट्रंप के आगे लेट गए, नए UPI नियमों पर राहुल गांधी का PM पर तीखा तंज
राहुल गांधी ने कहा कि मोदी जी की सोच बिल्कुल अलग है। वह न तो बाईं ओर हैं और न ही दाईं ओर झुकाव है। उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप के सामने सीधे लेटकर दंडवत प्रणाम करने का फ़ैसला किया है।
नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने नए UPI नियमों को लेकर एक बार फिर मोदी सरकार को घेरा है। उन्होंने वीडियो जारी कर पीएम मोदी पर निशाना साधा और उन पर अमेरिकी दबाव के आगे घुटने टेकने का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत इंदिरा गांधी के दौर को याद करते हुए कहा कि वे अमेरिकी दबाव के आगे सीधी खड़ी रहती थीं।
राहुल गांधी ने वीडियो में नए UPI नियमों को लेकर PM मोदी की तुलना पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से की। उन्होंने कहा कि एक बार इंदिरा जी से पूछा गया था कि क्या उनका झुकाव बाईं ओर है या दाईं ओर, और उनका जवाब था, 'मेरा झुकाव न तो बाईं ओर है और न ही दाईं ओर। मैं सीधी खड़ी रहती हूं।'
राहुल गांधी ने आगे कहा कि मोदी जी की सोच इंदिरा जी से बिल्कुल अलग है। वह न तो बाईं ओर हैं और न ही दाईं ओर। उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप के सामने सीधे लेटकर दंडवत प्रणाम करने का फ़ैसला किया है। उन्होंने UPI पर टैक्स लगाकर हर भारतीय पर टैक्स का बोझ डाला है। राहुल गांधी ने कहा कि मोदी जी, कृपया अमेरिका के सामने लेटना बंद करें। और कृपया UPI टैक्स वापस लें।
दरअसल, भारत सरकार ने पेमेंट एंड सेटलमेंट सिस्टम्स एक्ट, 2007 की धारा 10A के तहत UPI पेमेंट को लेकर एक नोटिफिकेशन जारी किया है। इसके तहत सरकार ने बैंकों को 2,000 रुपये तक के UPI लेन-देन और RuPay डेबिट कार्ड से किए जाने वाले भुगतान पर कोई भी फीस लगाने पर रोक लगाई है।
हालांकि 2,000 रुपए से ज्यादा के मर्चेंट ट्रांजैक्शन पर आगे चलकर MDR लगाया जा सकता है। ये चार्ज कितना होगा और किन कारोबारियों पर लागू होगा, ये अभी तय नहीं किया गया है। इस नोटिफिकेशन के बाद विपक्ष ने दो हजार से ज्यादा के ट्रांजेक्शन पर चार्ज वसूले जाने की आशंका जताई है।




