MP Government: वर्क फ्रॉम होम खत्म होने के बावजूद 30% कर्मचारी नहीं पहुंचे दफ्तर

Bhopal: मंत्रालय सहित बड़े दफ्तरों में 70% के आसपास रही उपस्थिति, अफसरों के मुताबिक दशहरे के बाद मंगलवार से बढ़ेगी उपस्थिति

Updated: Oct 24, 2020, 01:58 AM IST

भोपाल। प्रदेश सरकार ने सरकारी कर्मचारियों का वर्क फ्रॉम होम ख़त्म कर, विभागों में लौटकर काम करने का निर्देश जारी किया था। पर शुक्रवार को ज्यादातर कर्मचारी छुट्टी लेकर ऑफिसों से नदारद ही दिखे। मंत्रालय के बड़े ऑफिसों में उपस्थिति 70% के करीब ही रही। कर्मचारियों ने अष्टमी, नवमी, दशहरा के बहाने छुट्टी ले रखी थी। अधिकारियों का मामना है कि दशहरे के बाद मंगलवार से सारे कर्मचारी काम पर वापस आ जाएंगे। 

कर्मचारियों ने मीडिया को बताया कि मंत्रालय में करीब 3 हजार कर्मचारी हैं जिनमें 2200 का स्टाफ है जबकि लगभग 800 अटैच कर्मचारी हैं। शुक्रवार से वर्क फ्रॉम होम ख़त्म कर ऑफिस आने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन इतने सारे कर्मचारियों के हिसाब से पूरी व्यवस्था नहीं हो पाई थी।  

कर्मचारियों का यह भी कहना है कि दफ्तरों में सैनिटाइजर की ऑटोमैटिक मशीनें लगाकर खानापूरी की जा रही है। कोरोना गार्डलाइन का अच्छे से पालन नहीं किया जा रहा है। यही कारण है कि ऑफिस में कम ही लोग बैठे नजर आ रहे हैं। ज्यादातर लोग ऑफिस के बाहर ही घूमते दिख रहे हैं। एक कर्मचारी ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि  कुछ लोगों ने कोरोना की इन्हीं अव्यवस्थाओं से डर कर ऑफिस से छुट्टी ले ली हैं। 

राजस्थान और छत्तीसगढ़ की सरकारें अपने सारे कर्मचारियों को ऑफिस आकर काम करने के निर्देश पहले ही जारी कर चुकी हैं। इसके अलावा झारखंड ने भी अपने 75% कर्मचारियों को ऑफिस आकर काम करने के निर्देश जारी किए हैं। महाराष्ट्र ने  ग्रुप ए और बी के सभी कर्मचारियों को और बाकी कार्यालयों को 30% क्षमता के साथ खोलने के निर्देश दिए हैं। जबकि उत्तर प्रदेश सरकार के दफ्तरों में 50% का रोस्टर जारी है।