MP में सबसे ज्यादा सफल रहेगी यात्रा, मैं और दिग्विजय साथ डांस करेंगे: बुरहानपुर में बोले कमलनाथ

बुधवार सुबह मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी भारत जोड़ो यात्रा, यात्रा के स्वागत की तैयारियां पूरी, कमलनाथ बोले- ये जोड़ने की यात्रा है, राहुल गांधी की तपस्या पूरा देश देख रहा है

Updated: Nov 23, 2022, 01:10 AM IST

बुरहानपुर। मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा के स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली गई है। यात्रा को लेकर पीसीसी चीफ कमलनाथ और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने बुरहानपुर में प्रेस को संबोधित किया। इस दौरान कमलनाथ ने कहा कि मध्य प्रदेश में यात्रा सबसे ज्यादा सफल रहेगी।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने कहा कि, 'जोड़ने की भारत की संस्कृति है। मैंने अपने राजनीतिक जीवन में इतना उत्साह नहीं देखा। यह यात्रा संविधान को सुरक्षित रखने के लिए है। प्रदेश में यात्रा को लेकर बहुत उत्साह है।'

दिग्विजय सिंह के डांस को लेकर पूछे जाने पर कमलनाथ ने कहा कि वे सिर्फ दूसरों को नहीं नचाते हैं, खुद भी नाचते हैं। कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने के लिए मध्य प्रदेश में मैं और दिग्विजय सिंह साथ में डांस करेंगे। कमलनाथ ने बताया कि कल शाम प्रियंका गांधी, रॉबर्ट वाड्रा और रेहान वाड्रा भी आ रहे हैं।

इससे पहले भारत जोड़ो यात्रा आयोजन समिति के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने बुरहनापुर में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा, विधायक आरिफ मसूद, सचिन यादव, केदार डावर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा समेत कई नेता मौजूद रहे।

बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा को लेकर मध्य प्रदेश के लोगों में जबरदस्त उत्साह है। खास बात यह है कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी यात्रा में शामिल हो रही हैं। यह पहली बार है जब प्रियंका गांधी भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ कदमताल करेंगी। प्रियंका सपरिवार यात्रा में शामिल हो रहे हैं।