MP: MSP पर मूंग खरीदी को लेकर हरदा में बड़ा प्रदर्शन, 5000 किसान सड़क पर बैठे, इंदौर-नागपुर नेशनल हाईवे जाम
प्रदर्शनकारी किसान मूंग की 100 प्रतिशत खरीदी समर्थन मूल्य (MSP) पर कराने, खरीदी केंद्र बढ़ाने और खरीफ-2025 की लंबित फसल बीमा राशि के भुगतान की मांग कर रहे हैं।
भोपाल। मध्य प्रदेश में MSP पर मूंग खरीदी की मांग तेज हो गई है। हरदा में हजारों की संख्या में किसान सड़क पर उतर आए हैं। प्रदर्शनकारियों ने इंदौर-नागपुर नेशनल हाईवे को चक्काजाम कर दिया। आंदोलनकारी किसान मूंग की 100 प्रतिशत खरीदी समर्थन मूल्य (MSP) पर कराने, खरीदी केंद्र बढ़ाने और खरीफ-2025 की लंबित फसल बीमा राशि के भुगतान की मांग कर रहे हैं।
हरदा में करीब 5 हजार किसान हाईवे पर टेंट लगाकर धरने पर बैठे हैं। इस वजह से यातायात प्रभावित हो गया और इंदौर व हरदा के बीच आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आंदोलन को देखते हुए प्रशासन ने 500 पुलिस जवान तैनात किए हैं, जबकि किसान नेताओं ने जिलेभर से 20 हजार किसानों के जुटने का दावा किया है।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने नेशनल हाईवे पर टेंट लगाकर धरना शुरू किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने सड़क पर टेंट लगाने से मना किया तो कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। बाद में एसडीएम की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ और किसान धरने पर बैठे रहे। आम किसान यूनियन के नेता राम इनानिया ने कहा कि आंदोलन में जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से किसान लगातार पहुंच रहे हैं। उनका दावा है कि चक्काजाम में 20 हजार से अधिक किसान शामिल होंगे।
किसान नेता केदार सिरोही ने बताया कि हमारी तीन प्रमुख मांगें हैं। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकालीन मूंग की पूरी उपज की खरीदी MSP पर की जाए। जिले में खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाए। साथ ही खरीफ-2025 की लंबित फसल बीमा राशि किसानों के खातों में जमा की जाए।




