सिंगरौली को सिंगापुर बनाने के वादे पर उठाया सवाल, कमलनाथ ने पूछा 18 साल में क्या किया शिवराज

सिंगरौली में वीडी शर्मा की फ़्लॉप रैली के बाद कमलनाथ ने किया अपने प्रचार का आग़ाज़, आपका कमलनाथ आपके साथ मुहिम की शुरुआत, कहा जनता निर्भर होकर वोट डाले क्योंकि अब आनेवाली है कांग्रेस सरकार

Updated: Jun 24, 2022, 05:34 PM IST

Courtesy : Twitter
Courtesy : Twitter

सिंगरौली। मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा की तैयारियां जोरों पर हैं। एक ओर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल में रोड शो कर रहे हैं। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ सिंगरौली पहुंचे और नगर निगम चुनाव में कांग्रेस पार्टी की ओर से ‘आपका कमलनाथ, आपके साथ’ अभियान का आगाज किया।

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ कांग्रेस महापौर प्रत्याशी अरविंद सिंह चंदेल के समर्थन में प्रचार करने सिंगरौली पहुंचे। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बाइक रैली के साथ रामलीला मैदान पहुंचकर जनसभा को संबोधित किया।

कमलनाथ ने कहा कि आज सिंगरौली आकर मैं बहुत खुश हुआ, लेकिन सिंगरौली की दुर्गति देखकर मुझे बहुत दुख हुआ। शिवराज सिंह चौहान जी ने स्मार्ट सिटी और सिंगरौली को सिंगापुर बनाने का वादा किया था, उसका क्या हुआ? भाजपा सरकार में सिंगरौली के साथ निरंतर अन्याय हुआ है। ये सरकार पूरी तरह कमीशन पर चल रही है। शिवराज सिंह चौहान अपने 18 साल के कार्यकाल का हिसाब सिंगरौली की जनता को दें।

कमलनाथ ने कहा कि यह चुनाव देश के भविष्य का फैसला नहीं करेगा, प्रदेश के भविष्य का फैसला नहीं करेगा, बल्कि सिंगरौली के भविष्य का फैसला करेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि जनता निर्भय होकर वोट डाले, 16 महीने बाद प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने वाली है। 

इस दौरान कांग्रेस के पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल, वरिष्ठ नेता राम अशोक शर्मा, कांग्रेस प्रत्याशी अरविंद सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। जनसभा में कमलनाथ ने कहा कि सिंगरौली के विकास के लिए कांग्रेस के प्रत्याशी अरविंद सिंह को अपना अमूल्य मत दें, ताकि सिंगरौली का उचित विकास हो सके।