मुंबई के बांद्रा टर्मिनस रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में 10 घायल, दिवाली-छठ पर घर जाने वालों की उमड़ रही भीड़
मुंबई के बांद्रा टर्मिनल पर भगदड़ मचने से 10 लोग घायल हो गए हैं। घायल हुए लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। इनमें दो की हालत गंभीर है।

मुंबई। मुंबई के बांद्रा टर्मिनस स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर यात्रियों के बीच भगदड़ मच गई। रविवार सुबह प्लेटफॉर्म पर घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ इतनी उमड़ी कि पुलिस उन्हें काबू नहीं कर पाई। इस दौरान ट्रेन चढ़ने के लिए मची भगदड़ की घटना में 10 यात्री घायल हो गए।
घटना सुबह 5.56 बजे बांद्रा टर्मिनस के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर हुई। बताया जा रहा है कि यात्री ट्रेन नंबर 22921, बांद्रा-गोरखपुर एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही ट्रेन आई और भीड़ के बीच भगदड़ मच गई। घायलों में 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक एक व्यक्ति की मौत भी हुई है। घायलों को भाभा अस्पताल ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि प्लेटफॉर्म की क्षमता 1500 लोगों की थी, लेकिन हादसे के दौरान वहां पर 2 हजार से ज्यादा लोग मौजूद थे। यात्री 22 जनरल बोगी में जल्दी बैठने की होड़ में थे।
अधिकारियों ने बताया कि घायलों की पहचान शब्बीर अब्दुल रहमान (40), परमेश्वर सुखदार गुप्ता (28), रवींद्र हरिहर चुमा (30), रामसेवक रवींद्र प्रसाद प्रजापति (29), संजय तिलकराम कांगय (27), दिव्यांशु योगेंद्र यादव (18), मोहम्मद शरीफ शेख (25), इंद्रजीत साहनी (19) और नूर मोहम्मद शेख (18) के रूप में हुई है।