राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा का 10वां दिन, राहुल गांधी के साथ कदमताल करते दिखे रघुराम राजन

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज सुबह राजस्थान के सवाई माधोपुर के भदोती से शुरू हुई, आज आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन भी राहुल गांधी के साथ कदमताल करते दिखे।

Updated: Dec 14, 2022, 11:09 AM IST

सवाई माधोपुर। कन्याकुमारी से शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा इन दिनों राजस्थान में है। राजस्थान में आज यात्रा का 10वां दिन है। सुबह राहुल सवाई माधोपुर से आगे बढ़े। इस दौरान जनसैलाब उमड़ पड़ा। खास बात ये है कि आज आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन भी यात्रा में शामिल हुए। वे राहुल गांधी के साथ कदमताल करते दिखे।

यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने रघुराम राजन के साथ लंबी चर्चा की। टी ब्रेक तक लगातार दोनों चर्चा करते हुए चल रहे थे। दोनों ने एक डॉक्यूमेंट्री के लिए आर्थिक मुद्दों पर अपनी राय भी रखी। आर्थिक मुद्दों पर रघुराम राजन बेबाक राय रखते रहे हैं। वे साल 2016 में आरबीआई गवर्नर के पद से हटे हैं। रघुराम राजन को दुनियाभर के दिग्गज अर्थशास्त्रियों में गिना जाता है। वे मोदी सरकार की मौद्रिक नीतियों का कई बार विरोध कर चुके हैं।

यह भी पढ़ें: तवांग मामले पर संसद में आज भी हंगामे के आसार, चर्चा की मांग पर अड़ा विपक्ष 

गौरतलब है कि भारत जोड़ो यात्रा में लगातार अलग-अलग क्षेत्रों के लोग जुड़ रहे हैं। राहुल गांधी की यात्रा अब सचिन पायलट के प्रभाव वाले इलाकों से गुजर रही है। यात्रा में पायलट समर्थकों की संख्या भी बढ़ने लगी है। यात्रा के दौरान पायलट समर्थक उनके पक्ष में नारेबाजी करते देखे-सुने जा सकते हैं।

सुबह 10 बजे यात्रा बामनवास के बाढ़श्यामपुरा टोंड में पहुंचेगी। टोंड में यात्रा का लंच ब्रेक है। 3:30 बजे से यात्रा का दूसरा फेज शुरू होगा। शाम 6:30 बजे दौसा जिले में लालसोट के बगड़ी गांव चौक में यात्रा का लास्ट पॉइंट है। यहां पर राहुल गांधी की नुक्कड़ सभा रखी गई है। लालसोट के पास बीलोना कलां में यात्रा का नाइट स्टे रखा गया है।

भारत जोड़ो यात्रा में राजस्थान-हरियाणा बॉर्डर पार करने के बाद सप्ताह लंबा ब्रेक आएगा। 24 दिसंबर से 2 ​जनवरी तक यात्रा का ब्रेक रहेगा। यात्रा के ब्रेक वाले दिनों में राहुल गांधी लोकसभा में जा सकते हैंं। दरअसल, यात्रा में चल रहे कंटेनर्स को सर्विसिंग के लिए भेजना है। ऐसे में 9 दिन का ब्रेक लिया गया है।