श्री स्वामीनारायण मंदिर में भगवान को लगा 3 हजार किलो सेब का भोग

Ahmedabad: श्री स्वामीनारायण मंदिर में लाल, हरे, सुनहरे सेबों से सजा भगवान का दरबार, कोरोना मरीजों, स्वास्थ्यकर्मियों में बंटा प्रसाद, फोटो हो रही वायरल

Updated: Oct 18, 2020, 03:56 AM IST

Photo Courtesy: ANI
Photo Courtesy: ANI

अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद स्थित श्री स्वामीनारायण मंदिर में तीन हजार किलो सेब का भोग लगाया गया। मंदिर में भोग की सजावट की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। स्वामीनारायण मंदिर में तीन हजार किलो सेब का भोग लगाकर फलों को कोरोना पीड़ित मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों में बांटा गया है।

मंदिर में भोग लगाने के लिए सेबों को इतनी खूबसूरती से सजाकर रखा गया कि देखने वाले श्रद्धालु हैरान थे। मंदिर की सजावट देखने में बेहद भव्य और सुंदर लग रही थी। भोग के लिए लाल, हरे और सुनहरे रंग के सेबों को चुना गया था। जिन्हे पिरामिड के रूप में सजाया गया था। ये सेब भगवान के आसन के पास से लेकर फर्श और आलमारियों तक नजर आ रहे थे।

दरअसल स्वामीनारायण मंदिर कोरोना लॉकडाउन के बाद करीब साढ़े 6 महीने से बंद था। इसी हफ्ते की शुरुआत में मंगलवार को मंदिर भक्तों के लिए खोल दिया गया है। इस मौके को यादगार बनाने के लिए 3000 किलोग्राम सेब का भोग लगाया गया। इतनी बड़ी मात्रा में फलों का भोग लगने के बाद प्रसाद के रूप में कोरोना मरीजों और स्वास्थ्य सेवा कर्मचारियों के बीच वितरित किया गया। शहर के विभिन्न अस्पतालों क्वारंटाइन सेंटर्स में लोगों में बांटा गया। फलों को बांटने में मंदिर प्रबंधन और श्रद्धालुओं का सहयोग मिला।

गौरतलब है कि अनलॉक 5 की गाइडलाइन जारी होने के बाद देशभर के बड़े धार्मिक स्थानों को भी 13 अक्टूबर से श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया है। जिसे यादगार बनाने के लिए इतना भोग लगाया गया और देश प्रदेश की जनता की कोरोना से रक्षा की प्रर्थना की गई। वहीं कोरोना वारियर्स को सम्मान देने के लिए यह प्रसाद उनमें बांटा गया।