गुजरात के चुनावी रण में दिग्विजय सिंह ने संभाला मोर्चा, अहमदाबाद में बोले- मोरबी हादसे के लिए PM जिम्मेदार

अहमदाबाद में प्रेस को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस गुजरात में भाजपा, आम आदमी पार्टी और AIMIM के गंठबंधन के ख़िलाफ लड़ रही है।

Updated: Nov 17, 2022, 01:23 PM IST

अहमदाबाद। गुजरात में होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस के सबसे अनुभवी नेताओं में शुमार राज्यसभा सांसद दिग्विजय ने राज्य में मोर्चा संभाल लिया है। सिंह ने गुरुवार को भाजपा के गढ़ अहमदाबाद में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री पर जमकर हमला बोला।

दिग्विजय सिंह ने बीजेपी पर मोरबी पुल हादसे को लेकर बड़ा आरोप लगाया है। अहमदाबाद में
प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि, 'जब मैं मोरबी घटना स्थल पर पहुंचा, तो मुझे पता चला कि पुल गिरने के समय कोई पुलिस या एक कांस्टेबल भी नहीं था। बीजेपी की बैठक 4 किमी दूर हो रही थी, वहां पहुंचने में 10 मिनट लगते हैं, लेकिन दुर्घटना के बाद बैठक एक घंटे तक बैठक चली। जिसमें बीजेपी के मंत्री सांसद मौजूद थे। मैं इसकी निंदा करता हूं।'

दिग्विजय सिंह ने आगे कहा कि, 'प्रधानमंत्री मोदी ने कुछ साल पहले जब तृणमूल कांग्रेस की सत्ता वाले पश्चिम बंगाल में एक ओवर ब्रिज गिरा था तब इसे एक्ट ऑफ गॉड की जगह एक्ट ऑफ फ्रॉड कहा था। मगर गुजरात में वे इसे ऐसा नहीं बता रहे। यह उच्च दर्जे का फ्रॉड है मोदी जी और इसके लिए स्वयं आप जिम्मेदार हैं।' कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि, 'ये जो कहानी गढ़ी जाती है कि गुजरात में सारा विकास नरेंद्र मोदी जी ने कराया और मोदी जी ही गुजरात हैं ये बयान स्वयं उनके मुख से आया है....ये एक व्यक्ति के अहंकार का सबसे बड़ा प्रमाण है।'

दिग्विजय सिंह ने राज्य के सीएम भूपेंद्र पटेल पर भी हमला बोलते हुए कहा कि गुजरात में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़े का खेल हो रहा है। उन्होंने कहा कि मोरबी पुल हादसे में 135 लोगों की मौत हो गई, मगर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस्तीफा नहीं दिया, जबकि यह सरकार और प्रशासन की बड़ी असफलता की वजह से हुआ।

यह भी पढ़ें: ये मोहन भागवत को भी दिखा दीजिए: सावरकर का माफीनामा लहराकर बोले राहुल गांधी

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल बीजेपी ने AIMIM और आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन कर लिया है। उन्होंने कहा कि, 'कांग्रेस गुजरात में भाजपा, आम आदमी पार्टी और AIMIM के गंठबंधन के ख़िलाफ लड़ रही है।' सावरकर को लेकर राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि, 'यह सच्चाई है... सावरकर ही थे, जिन्होंने ब्रिटिश से माफी मांगी थी, और देश को अंग्रेज़ों के हाथ बेच दिया था... मैं भी यही कहूंगा।'