Rajsthan: अशोक गहलोत और सचिन पायलट के समर्थक भिड़े, फाड़े पोस्टर
Ajay Makan: कांग्रेस पार्टी का आंतरिक विवाद खत्म करने अजमेर पहुंचे महासचिव अजय माकन के संवाद कार्यक्रम के पहले हंगामा, फाड़े गए बैनर

जयपुर। अजमेर में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं राजस्थान प्रभारी अजय माकन के सामने पार्टी की गुटबाज़ी खुल कर सामने आ गई। पार्टी का आंतरिक विवाद खत्म करने अजमेर पहुंचे अजय माकन के संवाद कार्यक्रम के आयोजन स्थल के बाहर हंगामा हुआ। बैनर फाड़े गए। सचिन पायलट और अशोक गहलोत गुट के चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा के समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की। बिगड़े हालात संभालने के लिए पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी।
राजस्थान कांग्रेस के प्रभारी अजय माकन बुधवार की सुबह अजमेर पहुंचे थे। वे जिस होटल मेरवाड़ा स्टेट में संवाद करने को पहुंचे वहां पुलिस का सुरक्षा घेरा बनाया गया और बड़े हॉल में संवाद की व्यवस्था की गई। सूची वाले नेताओं को ही भीतर जाने दिया गया। विवाद शुरुआत सुबह ही हो गई जब विधायक राकेश पारीक और पूर्व महापौर कमल बाकोलिया को पुलिस ने होटल में प्रवेश करने से रोक दिया। इस पर दोनों की पुलिस से बहस हुई। बाद में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भाटी के दखल के बाद मामला शांत हुआ।
कुछ देर बाद सड़कों पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बनाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन करना शुरु कर दिया। दूसरी तरफ वे कांग्रेस कार्यकर्ता भी भड़क गए जो माकन से मुलाकात नहीं कर पाए थे। उन्होंने भी सचिन पायलट समर्थकों के साथ हंगामा शुरू कर दिया। खून दिया है पायलट के लिए जान भी देंगे, सचिन पायलट जिंदाबाद, रघु शर्मा चोर है जैसे नारे गूंजते रहे।
हंगामा और नारेबाजी इस कदर बढ़ने पर पुलिस को बल प्रयोग करके कार्यकर्ताओं को खदेड़ना पड़ा। कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस हिरासत में लेकर नजदीकी गंज थाने गई तो पायलट गुट के मसूदा विधायक राकेश पारीक भी गंज थाने पहुंच गए और कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज के विरोध में धरने पर बैठ गए।
इससे पहले सुबह माकन अजमेर पहुंचे तो किशनगढ़ टोल नाके पर अजमेर देहात कांग्रेस के निवर्तमान अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राठौड़ तथा अजमेर घूघरा घाटी अशोक उद्यान के पास निवर्तमान शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन की अगुवाई में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने माकन का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
देहात और शहर कांग्रेस पर अभी तक पायलट गुट का कब्जा रहा है और प्रारंभिक तौर पर इन्हीं लोगों की ओर से माकन का नारेबाजी के साथ स्वागत किया गया। इसके बाद उन्हें कांग्रेस कार्यकर्ता वाहन रैली के रूप में अजमेर के महावीर सर्किल के नजदीक होटल मेरवाड़ा स्टेट लेकर पहुंचे। इस अवसर पर प्रदेश सहप्रभारी विवेक बंसल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा, प्रभारी मंत्री प्रमोद जैन भाया भी साथ रहे।