BJP नेता येदियुरप्पा पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार, नाबालिग से यौन शोषण के आरोप में वारंट जारी

बेंगलुरु की एक अदालत ने पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा के खिलाफ पोक्सो (POCSO) मामले में गैर जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। येदियुरप्पा पर 17 साल की एक लड़की का यौन शोषण करने का आरोप है।

Updated: Jun 13, 2024, 06:45 PM IST

बेंगलुरु। बेंगलुरु की अदालत ने पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा के खिलाफ पोक्सो (POCSO) मामले में गैर जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। भाजपा नेता येदियुरप्पा पर 17 साल की एक लड़की का यौन शोषण करने का आरोप है। ऐसे में किसी भी वक्त उनकी गिरफ्तारी हो सकती है।

येदियुरप्पा पर 17 साल की एक लड़की की मां की शिकायत के आधार पर पॉक्सो अधिनियम और भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 354 ए (यौन उत्पीड़न) के तहत मामला दर्ज किया था। शिकायत में पीड़िता की मां ने आरोप लगाया था कि उन्होंने इस साल 2 फरवरी को बेंगलुरु के डॉलर्स कॉलोनी में अपने आवास पर एक बैठक के दौरान उसकी बेटी का यौन उत्पीड़न किया जब वह दोनों येदियुरप्पा के घर किसी काम को लेकर गए थे।

14 मार्च को महिला ने बेंगलुरु के सदाशिवनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। मामला गंभीर था तो कर्नाटक सरकार ने इस मामले की जांच सीआईडी को सौंप दी थी। बीएस येदियुरप्पा इस मामले में एक बार सीआईडी के सामने पेश भी हुए।इस बीच 26 मई को 54 वर्षीय शिकायतकर्ता महिला की मौत हो गई थी। बताया जा रहा है वो कई दिन से बीमार थी।

इस वक्त येदियुरप्पा दिल्ली में हैं। इससे पहले गृह मंत्री ने कहा था कि अगर जरूरत पड़ी तो सीआईडी येदियुरप्पा गिरफ्तार कर सकती है। सीआईडी ने येदियुरप्पा को 12 जून को इस मामले में पेश होने को कहा था लेकिन येदियुरप्पा ने कहा था की वो दिल्ली में है लिहाजा 17 जून को सीआईडी के सामने पेश होंगे। बहरहाल, अब माना जा रहा है कि CID की टीम उन्हें दिल्ली से गिरफ्तार कर सकती है।