बाबासाहेब के अपमान पर संसद में संग्राम, डंडे लगे प्लेकार्ड लेकर आए भाजपा सांसदों की मंशा पर उठे सवाल

BJP सांसदों के हाथ में डंडे लगे प्लेकार्ड, धक्का-मुक्की में भाजपा के दो सांसद घायल, कांग्रेस बोली- महिला सांसदों के साथ BJP के सांसद धक्का-मुक्की कर रहे थे।

Updated: Dec 19, 2024, 06:16 PM IST

नई दिल्ली। गृहमंत्री अमित शाह द्वारा किए गए बाबासाहेब के अपमान पर संसद में संग्राम जारी है। गुरुवार को संसद में जो हुआ वह कई तरह के सवाल खड़े कर रहा है। सत्तापक्ष के सांसद डंडे लगे प्लेकार्ड लेकर आए थे। उन्होंने जबरन विपक्षी सांसदों को भीतर जाने से रोकने की कोशिश की। इस दौरान धक्का-मुक्की में भाजपा के ही दो सांसद गिरकर घायल हो गए। विपक्षी दल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि महिला सांसदों के साथ BJP के सांसद धक्का-मुक्की कर रहे थे।

संसद परिसर में गुरुवार सुबह धक्का-मुक्की के दौरान ओडिशा के बालासोर से सांसद प्रताप सारंगी चोटिल हो गए। सारंगी ने आरोप लगाया कि राहुल ने एक सांसद को धक्का दिया, जो उनके ऊपर गिरा। सारंगी के अलावा फर्रुखाबाद के भाजपा सांसद मुकेश राजपूत को भी चोट आई है। दोनों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

राहुल गांधी ने बीजपी के धक्का-मुक्की के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सत्तापक्ष के सदस्यों ने विपक्षी सांसदों को संसद भवन में जाने से रोका और धमकी दी। उन्होंने कहा कि कैमरे में सब कैद होगा। मैं सदन में जाने की कोशिश कर रहा था। इस बीच, बीजेपी के सांसदों ने मुझे धकेला और धमकाया। खड़गे जी को भी धक्का लगा। 

राहुल गांधी ने आगे कहा, 'हमें धक्का मुक्की से कुछ नहीं होता है। हम संसद के अंदर जा रहे थे। बीजेपी के सांसद हमें संसद जाने से रोक नहीं सकते हैं। संसद में जाना मेरा अधिकार है। मुझे कोई रोक नहीं सकता है। मैं संसद के भीतर जाना चाहता था। लेकिन, मुझे रोका गया। बीजेपी के सांसद मुझे लगातार रोकने की कोशिश कर रहे थे। वो मुझे प्रवेश द्वार पर रोकने की कोशिश कर रहे थे। यह लोग लगातार संविधान पर प्रहार कर रहे हैं। यह लोग बीआर अंबेडकर की स्मृति को खत्म करना चाहते हैं, लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे।'

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने एक्स पर लिखा, 'आज मैंने देखा कि बीजेपी के सांसद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और विपक्ष के नेता राहुल गांधी के प्रति शत्रुतापूर्ण और धमकी भरे थे। बीजेपी सांसदों के हाथों में लाठियां थीं। मैंने अपनी आंखों से देखा कि किस तरह मल्लिकार्जुन खड़गे को धमकाया और धक्का दिया जा रहा था। यह पार्टी की मानसिकता को दर्शाता है। मैं इस अहंकार की निंदा करता हूं।'

कांग्रेस ने धक्का मुक्की करते भाजपा सांसदों का एक वीडियो भी ट्वीट किया है। इसके साथ ही पार्टी ने लिखा है, 'इस वीडियो में साफ दिख रहा है.. BJP सांसद हाथों में डंडे लगे प्लेकार्ड लेकर विपक्ष के सांसदों को सदन में जाने से रोक रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी और अन्य महिला सांसदों के साथ BJP के सांसद धक्का-मुक्की कर रहे हैं। ये सरासर गुंडई है। लोकतंत्र के मंदिर में BJP की तानाशाही है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।'

यह भी पढे़ं: अंबेडकर का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान, संविधान के खिलाफ है भाजपा: राहुल गांधी

इस बीच प्रियंका गांधी ने एक ट्वीट में लिखा कि भाजपा बार-बार उन बाबा साहेब का अपमान कर रही है, जिन्होंने देश को संविधान दिया, जिन्होंने हर नागरिक को अधिकार दिये, जिन्होंने अपने विचारों और कार्यों से करोड़ों दलितों और वंचितों का जीवन बदला। उनका अपमान करके भाजपा ने देश के करोड़ों दलितों-वंचितों की भावनाओं का अपमान किया है। भाजपा देश से माफी मांगे।