अमित शाह तो खाना खाकर चले गए पर दीदी हमारे दिल में हैं, बाउल कलाकार का दो टूक बयान

बाउल कलाकार वासुदेव ने कहा कि दीदी हम सबके दिल में हैं, अमित शाह हमारे घर आए, गाना सुना, खाना खाया और चले गए

Updated: Dec 30, 2020, 03:20 AM IST

Photo Courtesy : Times Of India
Photo Courtesy : Times Of India

कोलकाता। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की बोलपुर रैली में आज बेहद चौंकाने वाला लेकिन दिलचस्प नज़ारा देखने को मिला। हुआ यूँ कि अभी पिछले ही हफ्ते जिस बाउल कलाकार वासुदेव के घर जा कर अमित शाह ने खाना खाया था, आज वो ममता बनर्जी के रोड में नज़र आए। मीडिया कर्मियों की नज़र जब उन पर नज़र पड़ी, तो वे उनसे सवाल-जवाब करने लगे। पत्रकारों के पूछने पर बाउल कलाकार वासुदेव ने जो कहा वो और भी दिलचस्प है।

                                                                                                       Photo Courtesy: Punjab Kesari  

दीदी हमारे दिलों में है : वासुदेव 
बाउल कलाकार वासुदेव ने कहा कि हम दीदी की पुकार पर यहाँ आए हैं। दीदी हम सबके दिलों में हैं और हमेशा रहेंगी। वहीं वासुदेव के साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि दीदी ने जितना गरीबों के लिए किया उतना किसी ने नहीं किया।

अमित शाह आए, खाना खाए और चले गए 

                                                                                                             Photo Courtesy: Republic World 

एक हिंदी न्यूज़ चैनल के रिपोर्टर ने जब बाउल कलाकार वासुदेव से पूछा कि आपके घर तो अमित शाह आए थे और खाना भी खाया था, तब उन्होंने आपसे क्या बात की थी ? इस पर बासुदेव ने बताया कि अमित शाह हमारे घर आए, गाना सुना, खाना खाया और चले गए। हालांकि वासुदेव ने कहा कि अमित शाह घर आए तो आनंद ज़रूर आया, लेकिन उनकी अमित शाह से कोई बातचीत नहीं हुई। 

यह भी पढ़ें : अमित शाह के सम्मान में गाते रहे लोक गायक, कैमरे पर लगा रहा गृह मंत्री का सारा ध्यान

दरअसल अमित शाह जब अपने दो दिन की यात्रा के दौरान बाउल कलाकार वासुदेव के घर पहुंचे थे तब उन्हें बाउल कलाकार के घर गाना सुनते हुए भी देखा गया था। लेकिन उस दौरान भी जो वीडियो बीजेपी बंगाल ने खुद शेयर किया था उसमें साफ नज़र आ रहा था कि अमित शाह गाना सुनने में कोई ख़ास रूचि नहीं ले रहे। बजाय इसके अमित शाह का सारा ध्यान कैमरे पर रहा और वे अपने सहयोगियों को डांटते ही नज़र आए। ऐसे में बाउल कलाकार वासुदेव अगर कहते हैं कि अमित शाह ने उनके घर आकर खाना तो खाया लेकिन उनसे बात नहीं की, तो इसमें बहुत हैरानी की बात नहीं है। 

बंगाल में ज़रा 30 सीटें भी जीत कर दिखा दे भाजपा : ममता 
इस बीच, ममता बनर्जी ने बोलपुर में पदयात्रा करके अमित शाह और बीजेपी को खुली चुनौती दी है कि अगर उनमें दम है तो आने वाले चुनाव में 30 सीटें भी जीतकर दिखा दें। ममता के रणनीतिकार प्रशांत किशोर तो बीजेपी की हार को लेकर इतने आश्वस्त हैं कि उनका कहना है कि बीजेपी तो चुनाव में दहाई का आंकड़ा भी छू नहीं पाएगी। प्रशांत किशोर ने तो अपना यह ट्वीट संभाल कर रखने तक के लिए कह दिया है। 

हालांकि दूसरी तरफ एक तथ्य यह भी है कि ममता की पार्टी के कई नेता बीजेपी में शामिल हुए हैं। ममता ने इसको लेकर भी आज अपनी रैली में हमला बोला है। ममता ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी हमारे कुछ विधायकों को भले ही खरीद ले, लेकिन हमारी पार्टी को नहीं खरीद सकती। ममता ने कहा कि बीजेपी बंगाल की संस्कृति को नष्ट करना चाहती है लेकिन वो इसमें कामयाब नहीं हो पाएगी।