फ्लोर टेस्ट से पहले बिहार में शह-मात का खेल, NDA के 6 और RJD के 2 विधायक नहीं पहुंचे विधानसभा

एनडीए का दावा है कि जदयू, बीजेपी, हम और निर्दलीय विधायक के समर्थन के साथ हमारे पास 128 विधायकों का समर्थन हासिल है जो बहुमत से 5 अधिक है। वहीं विपक्षी दल विधानसभा में 'खेला' होने की बात कह रहे हैं।

Updated: Feb 12, 2024, 12:21 PM IST

पटना। बिहार में आज एक बार फिर राजनीतिक हलचल तेज है। फ्लोर टेस्ट से पहले एनडीए और महागठबंधन के बीच शह-मात का खेल जारी है। दोनों ही गठबंधनों की तरफ से अपने-अपने विधायकों को साधने का प्रयास जारी है। बिहार विधानसभा में अब से थोड़ी देर में फ्लोर टेस्ट होना है। यानी बिहार में नीतीश कुमार की सरकार रहेगी या नहीं इसका फैसला आज विधानसभा में होगा।

फ्लोर टेस्ट से पहले भाजपा खेमे से बड़ी खबर सामने आ रही है। पश्चिम चंपारण से बीजेपी की दो विधायक पटना में नहीं हैं। नरकटियागंज विधायक रश्मि वर्मा गोरखपुर में हैं। वहीं चनपटिया विधायक भागीरथी देवी झारखंड में हैं। गया की मीटिंग में शामिल होने के बाद से उनका फोन नॉट रीचेबल है। माना जा रहा है कि दोनों ही फ़्लोर टेस्ट में शामिल नहीं होंगी। इधर, जेडीयू की विधायक बीमा भारती का भी अब तक कुछ पता नहीं है। 

उधर, बिहार के खगड़िया जिले के परबत्ता से विधायक संजीव कुमार को नवादा में पुलिस और प्रशासन ने डिटेन किया है। बताया जा रहा है कि विधायक इंजीनियर संजीव झारखंड के रास्ते सोमवार की सुबह बिहार की सीमा में प्रवेश कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें नवादा जिला प्रशासन के द्वारा बिहार-झारखंड बॉर्डर पर रजौली में रोका गया। उन्हें वन विश्राम गृह रजौली में रखा गया।

बता दें कि सीएम नीतीश कुमार को अपनी सरकार को बचाने के लिए 122 विधायकों के समर्थन की जरूरत है। हालांकि उन्होंने राज्यपाल के सामने 128 विधायकों के समर्थन का दावा किया है। लेकिन पिछले कुछ दिनों से इस बात की आशंका जतायी जा रही है कि जदयू और बीजेपी के कुछ विधायक विद्रोह कर सकते हैं। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी को लेकर भी कई तरह की अटकलें लगायी जा रही है। बहरहाल, देखना ये होगा कि विधानसभा में क्या कुछ होता है।

बताया जा रहा है कि 11:30 में विधान सभा के सेंट्रल हॉल में राज्यपाल विधानमंडल के सदस्यों को संबोधित करेंगे। राज्यपाल के अभिभाषण के बाद दोनों सदनों के सदस्य अपने-अपने सदन में वापस जाएंगे और आगे की कार्यवाही शुरू होगी। राज्यपाल के अभिभाषण के बाद स्पीकर और आरजेडी नेता अवध बिहारी चौधरी को हटाने की प्रक्रिया शुरू होगी। उनके खिलाफ NDA की तरफ से अविश्वास का संकल्प दिया गया है।