लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस संगठन में बड़ा फेरबदल, जितेंद्र सिंह को MP और पायलट को CG की जिम्मेदारी

कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को यूपी प्रभारी पद से मुक्त कर दिया गया है, हालांकि वे महासचिव बनी रहेंगी। प्रियंका की जगह अविनाश पांडे को यूपी की जिम्मेदारी दी गई है।

Updated: Dec 24, 2023, 12:17 PM IST

नई दिल्ली। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस अब अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। कांग्रेस ने गुरुवार को अपने शीर्ष नीति निर्धारक इकाई यानी सीडब्ल्यूसी की बैठक बुलाई थी। इसके बाद से संगठनात्मक फेरबदल का दौर जारी है। शनिवार को भी पार्टी ने कई राज्यों में बड़ा फेरबदल किया है। 

कांग्रेस प्रियंका गांधी को यूपी कांग्रेस प्रभारी पद से मुक्त कर दिया गया है, हालांकि वे महासचिव बनी रहेंगी। प्रियंका की जगह अविनाश पांडे को यूपी की जिम्मेदारी दी गई है। इधर जितेंद्र सिंह मध्य प्रदेश के प्रभारी बनाए गए हैं। वहीं, सचिन पायलट छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी बने हैं। रमेश चेन्निथला को महाराष्ट्र, देवेंद्र यादव को पंजाब और रणदीप सुरजेवाला को कर्नाटक का प्रभार मिला है।

जयराम रमेश कम्युनिकेशन, मुकुल वासनिक संगठन के महासचिव और माणिकराव ठाकरे को गोवा की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, गुरदीप सप्पल को एडमिनिस्ट्रेशन की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा असम के प्रभारी महासचिव जितेंद्र सिंह को मध्य प्रदेश और दीपक बाबरिया के पास दिल्ली और हरियाणा का अतिरिक्त प्रभार है। जीए मीर झारखंड के प्रभारी महासचिव बने हैं, उन्हें पश्चिम बंगाल का अतिरिक्त प्रभार दिया है।

कांग्रेस ने दीपा दासमुंशी को तेलंगाना के अतिरिक्त प्रभार के साथ केरल और लक्षद्वीप का महासचिव बनाया गया है। साथ ही कुमारी शैलजा को छत्तीसगढ़ से हटाकर उत्तराखंड का प्रभारी महासचिव बनाया है।

बता दें कि शुक्रवार को ही कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए मैनिफेस्टो कमेटी का गठन किया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और पार्टी के सीनियर लीडर पी चिदंबरम इसके अध्यक्ष बनाए गए हैं। छत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव कमेटी के संयोजक (कन्वीनर) होंगे।