दुल्हन के कमरे में घुसकर बिहार पुलिस ने की छापेमारी, राबड़ी ने कहा लोग शादी करें या सनक मिटाएं
सोशल मीडिया पर बिहार पुलिस का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी दुल्हन के कमरे में घुसकर छापेमारी कर रहे हैं, यह वीडियो पटना के रामकृष्ण इलाके का बताया जा रहा है

पटना। शराबबंदी सख्ती से लागू करवाने के एवज में बिहार पुलिस शादी समारहों तक को नहीं बख्श रही है। राजधानी पटना में बिहार पुलिस लगातार एक के बाद एक शादी समारहों में छापेमारी कर रही है। बिहार पुलिस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी दुल्हन के कमरे में घुसकर छापेमारी करते दिखाई दे रहे हैं। राज्य की पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने इसे नीतीश सरकार की तानाशाही की सनक करार दिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो पटना के रामकृष्ण नगर का बताया जा रहा है। जिसमें दो पुरुष पुलिसकर्मी दुल्हन के कमरे में घुसकर तलाशी लेते दिखाई दे रहे हैं। दुल्हन के कमरे में महिला पुलिस की गैरमौजूदगी को लेकर भी लोग सवाल उठा रहे हैं। शादी में शिरकत करने वाले लोग भी बिहार पुलिस की इस हरकत का विरोध कर रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने बिहार पुलिस की छापेमारी का वीडियो अपने ट्विटर हैंडल पर साझा करते हुए कहा कि अब लोग शादी करें या सत्ता की तानाशाही की सनक को मिटाएं? पूर्व सीएम ने कहा कि बिहार सरकार, पुलिस और शराब माफिया के गठजोड़ से पहले बिहार में शराब मंगवाई जाती है, उस पर कार्रवाई करने के बजाय बिहार का प्रशासनिक अमला आम नागरिकों को परेशान करने पर तुला हुआ है। यह पूर्ण रूप से लोगों के निजता के अधिकार का उल्लंघन है।
राबड़ी देवी ने वायरल वीडियो के संबंध में कहा कि बिहार पुलिस शराबबंदी के नाम पर बिना महिला पुलिसकर्मी के दुल्हन के कमरे और कपड़ों की तलाशी ले रही है। यह निजता के अधिकार का उल्लंघन है। बिहार में शराब कैसे पहुंच रही है, इसकी जांच के बजाय सनकी सरकार महिलाओं को ही परेशान कर रही है।
बिहार पुलिस शराबबंदी के नाम पर बिना महिला पुलिसकर्मियों के दुल्हन के कमरों और कपड़ों की तलाशी ले रही है। यह निजता के अधिकार का उल्लंघन है।
— Rabri Devi (@RabriDeviRJD) November 22, 2021
बिहार में शराब कैसे व क्यों पहुँच रही है,कौन पहुँचा रहा है? उसकी जाँच और खोजबीन नहीं लेकिन उल्टा सनकी सरकार महिलाओं को ही परेशान कर रही है? pic.twitter.com/IfVWzHQQAE
पटना के रामकृष्ण नगर के अलावा पुलिस ने राजीव नगर, दीघा जैसे इलाकों में बीते दिनों में कई छापेमारी की हैं। यह छापेमारी शादी समाराहों में की गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिसकर्मी गुप्त सूचना का हवाला देकर शादी समाराहों में पहुंच जाते हैं, और दुल्हा दुल्हन के कमरों की तलाशी करने लग जाते हैं।