MP: चेंजिंग रूम में लगे हैं सीसीटीवी कैमरे, कपड़े बदलते देखता है प्राचार्य, कॉलेज छात्राओं का गंभीर आरोप
शासकीय कॉलेज बरही में अध्ययनरत छात्राओं का कहना है कि चेंजिंग रूम में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं और लड़कियों को कपड़े बदलते वक्त प्राचार्य अपने मोबाइल में देखते हैं।

कटनी। मध्य प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों के साथ छेड़छाड़ और यौन उत्पीडन की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। कटनी जिले से शिक्षा के मंदिर में शर्मसार करने वाला सामने आया है। यहां बरही कॉलेज की छात्राओं ने प्राचार्य के ऊपर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्राओं का कहना है कि चेंजिंग रूम में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं और लड़कियों को कपड़े बदलते वक्त प्राचार्य अपने मोबाइल में देखते हैं।
कटनी से भाजपा विधायक संजय पाठक बीते दिनों स्थानीय नागरिकों, अधिकारी-कर्मचारियों की रेस्ट हाउस में विजयराघवगढ़ महोत्सव को लेकर शुक्रवार को बैठक ले रहे थे। इस दौरान शासकीय कॉलेज बरही के प्राचार्य डॉ आरके वर्मा भी उनके साथ मौजूद थे। कार्यक्रम में कॉलेज की छात्राएं भी पहुंची। छात्राओं ने विधायक के साथ बैठे प्राचार्य डॉ. आरके वर्मा की शिकायत करते हुए कहा कि यदि लड़कियां कपड़े बदलती हैं तो सर के मोबाइल में सब दिखता है। गर्ल्स कॉमन रूम में कैमरे लगाए गए हैं। कोई भी आयोजन होता है तो छात्राएं यहां पर कपड़े बदलती हैं। ऐसे कमरों के कैमरे भी नहीं बंद किए जाते और प्राचार्य लड़कियों को कपड़े बदलते देखते हैं।
छात्राओं ने आगे कहा कि प्राचार्य छात्राओं के कंधे में हाथ रखते हैं और गलत तरीके से छूते हैं। इसपर प्राचार्य ने कहा कि वो तो मैं प्यार से करता हूं। छात्राओं ने कहा कि हम यह बर्दाश्त नहीं करेंगे। छात्राओं ने विधायक से प्राचार्य के स्थानांतरण की मांग की है। छात्राओं ने कहा कि हमारी इज्जत पर बात आ रही है। इस दौरान प्राचार्य डॉ. आरके वर्मा ने कहा कि सभी आरोप झूठे और बेबुनियाद हैं। मामला तूल पकड़ने के बाद कलेक्टर ने कमेटी गठित कर जांच के आदेश दिए हैं।
कल कटनी कॉलेज की अनेक छात्राओं ने मुझसे शासकीय महाविद्यालय की अव्यवस्था की शिकायत की थी। @ChouhanShivraj @CMMadhyaPradesh कटनी सट्टा जुआ illegal online betting का अड्डा बन गया है। अपराधियों को आपके चहेते उनको सरंक्षण दे रहे हैं और आप चुप हैं।क्या आपका भी उसमें हिस्सा है? @INCMP https://t.co/2A6g2LRHkR
— digvijaya singh (@digvijaya_28) May 15, 2023
उधर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी रविवार को कटनी पहुंचे थे। सिंह ने बताया कि कटनी के छात्राओं ने उनसे भी मिलकर शासकीय कॉलेज की अव्यवस्थाओं की शिकायत की है। सिंह ने ट्वीट किया, 'कल कटनी कॉलेज की अनेक छात्राओं ने मुझसे शासकीय महाविद्यालय की अव्यवस्था की शिकायत की थी। शिवराज जी कटनी सट्टा, जुआ और अवैध ऑनलाइन बेटिंग का अड्डा बन गया है। अपराधियों को आपके चहेते उनको सरंक्षण दे रहे हैं और आप चुप हैं। क्या आपका भी उसमें हिस्सा है?' माना जा रहा है कि सिंह ने बिना नाम लिए जुए-सट्टे को लेकर संजय पाठक पर निशाने पर लिया।