चंपई सोरेन आज लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, सरकार को 10 दिन में साबित करना होगा बहुमत

हेमंत सोरेन के इस्तीफा देने के करीब 26 घंटे के बाद गुरुवार रात करीब 11 बजे राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने चंपई सोरेन और आलमगीर आलम को राजभवन बुलाया और सरकार बनाने का न्योता दिया।

Updated: Feb 02, 2024, 09:56 AM IST

रांची। झारखंड में अब चंपई सोरेन सरकार बनने जा रही है। वे शुक्रवार दोपहर 12:15 बजे राज्य के 12वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। झारखंड में 23 साल में 11 बार सीएम बदले हैं। इनमें अर्जुन मुंडा और शिबू सोरेन तीन-तीन बार मुख्यमंत्री बने। रघुवर दास एकमात्र ऐसे सीएम रहे, जिन्होंने पांच साल का अपना कार्यकाल पूरा किया।

मुख्यमत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफा देने के करीब 26 घंटे के बाद गुरुवार रात करीब 11 बजे राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने चंपई सोरेन और आलमगीर आलम को राजभवन बुलाया और सरकार बनाने का न्योता दिया। साथ ही चंपई को सीएम मनोनीत कर दिया। रात 11:15 बजे दोनों नेता राजभवन से बाहर आए।

चंपई सोरेन के साथ कांग्रेस के आलमगीर आलम और राजद के सत्यानंद भोक्ता भी मंत्री पद की शपथ लेंगे। माना जा रहा है कि दो डिप्टी सीएम भी हो सकते हैं। सरकार को 10 दिन में सदन में बहुमत साबित करना होगा। चंपई सोरेन ने कहा कि वे शुक्रवार दोपहर 12:15 बजे शपथ लेंगे। उधर, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने भी कहा कि चंपई सोरेन के साथ दो और मंत्रियों को भी शपथ दिलाने का कार्यक्रम तय किया गया है।

इधर, ED को झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की रिमांड गुरुवार को नहीं मिली। कोर्ट ने ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया है। कोर्ट आज रिमांड पर फैसला सुनाएगी। कपिल सिब्बल ने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है, जिस पर आज सुनवाई होगी। 3 जजों की स्पेशल बेंच हेमंत सोरेन की याचिका पर सुनवाई करेगी।