LIVE: चंद्रयान 3 की लैंडिंग सफल, दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बना भारत

भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है।

Updated: Aug 23, 2023 06:15 PM IST

चंद्रयान-3 की लैंडिंग कामयाब हो गई है। चंद्रयान निर्धारित समय पर चांद की सतह पर लैंड कर गया है। इसी के साथ भारत चांद के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडिंग करने वाला दुनिया का पहला देश बन जाएगा। जबकि चांद के किसी भी हिस्से में यान उतारने वाला चौथा देश बन गया है।

भोपाल में सड़कों पर जश्न मनाते दिखे लोग

भोपाल में सड़कों पर जश्न मनाते दिखे लोग

चन्द्रयान- 3 की लैंडिंग पर देशभर में जश्न का माहौल है। राजधानी भोपाल में सड़कों पर लोग जश्न मनाते दिखे। युवाओं ने सड़कों पर तिरंगा झंडा लेकर भारत माता की जय के नारे लगाए। भोपाल के दस नंबर मार्केट में जश्न मना रहे रवि परमार ने कहा, 'ISRO की इस उपलब्धि पर आज पूरे देश को गर्व है। इस मौके पर आज पूरा देश हमारे पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरु जी को याद कर रहा है जिन्होंने ISRO की स्थापना की थी।'

 

भारत चांद पर है: ISRO चीफ

ISRO प्रमुख एस सोमनाथ ने कहा कि हमने चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग में सफलता हासिल कर ली है, भारत चांद पर है। इस अवसर पर मैं मिशन के पीछे जो लोग लगे थें उन सभी का धन्यवाद करता हूं।

मैं अपनी मंजिल पर पहुंच गया, चांद पर बोला चंद्रयान

आखिरकार भारत का मिशन मून सफल हो गया है। चांद पर पहुंचते ही चंद्रयान ने कहा, 'मैं अपनी मंजिल पर पहुंच गया।' अब सभी को विक्रम लैंडर से प्रज्ञान रोवर के बाहर आने का इंतजार है। धूल का गुबार शांत होने के बाद यह बाहर आएगा। इसमें करीब 1 घंटा 50 मिनट लगेगा। इसके बाद विक्रम और प्रज्ञान एक-दूसरे की फोटो खींचेंगे और पृथ्वी पर भेजेंगे।

चंदा मामा दूर के नहीं, एक टूर के: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़कर वैज्ञानिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा, 'यह क्षण भारत के सामर्थ्य का है। यह क्षण भारत में नई ऊर्जा, नए विश्वास, नई चेतना का है। अमृतकाल में अमृतवर्षा हुई है। हमने धरती पर संकल्प लिया और चांद पर उसे साकार किया। हम अंतरिक्ष में नए भारत की नई उड़ान के साक्षी बने हैं। पहले लोग कहते हैं चंदा मामा दूर के। अब कहेंगे चंदा मामा दूर के नहीं, एक टूर के।'

साउथ पोल पर लैंडिंग करने वाला पहला देश बना भारत

भारतीय चंद्रयान ने बुधवार शाम 6 बजकर 04 मिनट पर चांद पर पहला कदम रखा। इस तरह भारत चांद के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडिंग करने वाला दुनिया का पहला देश बन गया। चांद के किसी भी हिस्से में यान उतारने वाला चौथा देश बन गया है। इससे पहले अमेरिका, सोवियत संघ और चीन को ही यह कामयाबी मिली है।

पीएम मोदी बोले- यह नए भारत के जयघोष का समय

चंद्रयान-3 ने इतिहास रचते हुए चांद के दक्षिण ध्रुवीय क्षेत्र पर सफलतापूर्वक लैंड कर लिया है। इसरो ने बताया कि चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर ने सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग कर दी है। इसरो की इस एतिहासिक सफलता के बाद पीएम मोदी ने देशवासियों संबोधित करते हुए कहा यह पल अभूतपूर्व है। यह नए भारत के जयघोष का समय है।

ISRO ने शुरू किया सीधा प्रसारण

चंद्रयान-3 का विक्रम लैंडर बस कुछ ही देर में चांद के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र पर लैंडिंग की कोशिश करेगा। इसे लेकर बेंगलुरु स्थित इसरो के मिशन कंट्रोल परिसर से सीधा प्रसारण शुरू कर दिया है।