Sonia Gandhi: कांग्रेस संगठन में बड़ा फेरबदल, दिग्विजय सिंह CWC सदस्य

Congress: चार महासचिव हटाए गए, गुलाम नबी आजाद अब कार्य समिति सदस्य, सोनिया गांधी के सहयोग के लिए छह सदस्यीय विशेष समिति का गठन

Updated: Sep 13, 2020, 12:47 AM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शुक्रवार को पार्टी संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए पार्टी की सर्वोच्च नीति निर्धारण इकाई कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) का पुनर्गठन किया है। संगठनात्मक बदलाव के लिए पत्र लिखने वाले 23 नेताओं में शामिल गुलाम नबी आजाद तथा मोतीलाल वोरा, अंबिका सोनी और मल्लिकार्जुन खड़गे को महासचिव पद से मुक्त किया गया है। सोनिया गांधी के सहयोग के लिए एक विशेष समिति का गठन भी किया गया है।

नई सीडब्ल्यूसी में 22 सदस्य, 26 स्थाई आमंत्रित और 9 विशेष आमंत्रित सदस्य हैं। राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह को सीडब्ल्यूसी में स्थाई आमंत्रित सदस्य के रूप में स्थान दिया गया है। गुलाम नबी आजाद और आनंद शर्मा भी सीडब्ल्यूसी के सदस्य होंगे।

पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान के अनुसार 24 अगस्त को हुई सीडब्ल्यूसी की बैठक में बनी सहमति के मुताबिक छह सदस्यीय विशेष समिति का गठन किया है। इस स्पेशल कमेटी में अहमद पटेल, एके एंटनी, अंबिका सोनी, मुकुल वासिनक, केसी वेणुगोपाल, रणदीप सुरजेवाला को रखा गया है यह कमेटी पार्टी के संगठन एवं कामकाज से जुड़े मामलों में सोनिया गांधी का सहयोग करेगी।  

नई ज़िम्मेदारियों के तहत रणदीप सुरजेवाला और तारिक अनवर को पार्टी ने महासचिव नियुक्त किया गया है। महासचिव मुकुल वासनिक को मध्य प्रदेश, हरीश रावत को पंजाब, ओमान चंडी को आंध्र प्रदेश, तारिक अनवर को केरल और लक्षद्वीप, रणदीप सिंह सुरजेवाला को कर्नाटक, जितेंद्र सिंह को असम, अजय माकन को राजस्थान और केसी वेणुगोपाल को संगठन की जिम्मेदारी दी गई है। पत्र लिखने वाले नेताओं में शामिल जितिन प्रसाद को पश्चिम बंगाल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का प्रभारी बनाया है। रजनी पाटिल जम्मू कश्मीर, पीएल पुनिया छत्तीसगढ़, आरपीएन सिंह झारखंड, शक्ति सिह गोहिल दिल्ली व बिहार, राजीव सातव गुजरात, दादर व नागर हवेली, दमन व दीव, राजीव शुक्ला हिमाचल प्रदेश, दिनेश गुंडू राव तमिलनाडु, पुद्दुचेरी व गोवा, माणिकम टैगोर तेलंगाना, चेल्ला कुमार ओडिसा, एच के पाटिल महाराष्ट्र, देवेंद्र यादव उत्तराखंड, विवेक बंसल हरियाणा, मनीष चतरथ हिमाचल प्रदेश व मणिपुर, भक्त चरणदास मिज़ोरम व मणिपुर और कुलजीत नागरा सिक्किम, नागालैंड व त्रिपुरा के प्रभारी होंगे।

पवन कुमार बंसल सचिव प्रभारी प्रशासन होंगे। सोनिया गांधी ने मधुसूदन मिस्त्री को केंद्रीय चुनाव समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। उनके साथ चार सदस्य राजेश मिश्रा, कृष्ण बायर गोडा, एस ज्योति मणि और अरविंदर सिंह लवली होंगे। प्रियंका गांधी को यूपी का प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा केसी वेणुगोपाल को संगठन की जिम्मेदारी दी गई है।