कांग्रेस प्रमुख ने लोकसभा समन्वयकों के साथ की बैठक, पार्टी नेताओं को संपर्क बढ़ाने की सलाह

कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, केसी वेणुगोपाल मीटिंग ले रहे है। इस बैठक में मध्य प्रदेश के सभी 29 लोकसभा समन्वयक शामिल है।

Updated: Jan 12, 2024, 06:31 PM IST

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी एक्शन मोड़ में है। हाल ही में कांग्रेस ने देशभर में लोकसभा समन्वयकों की घोषणा की थी। अब समन्वयकों के साथ बैठक का दौर जारी है। शुक्रवार को कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने कई राज्यों के समन्वयकों के साथ बैठक की।

कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने बैठक की तस्वीर शेयर करते हुए कहा, लोकतंत्र के मजबूत संकल्प से ध्यान भटकाने वाले शोर को खत्म किया जाएगा। न्याय योद्धा 2024 का चुनाव जीतेंगे। हमने गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, दिल्ली, महाराष्ट्र, गोवा, दादरा और नगर हवेली और दमन व दीव के एआईसीसी समन्वयकों के साथ लोकसभा चुनावों को लेकर चर्चा की।

बताया जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने बैठक में पार्टी नेताओं को अपना संपर्क बढ़ाने पर जोर दिया। मध्य प्रदेश से लोकसभा समन्वयकों में जयवर्धन सिंह, प्रियव्रत सिंह, नितेंद्र सिंह राठौर, फूल सिंह बरैया, दीपक जोशी, बाला बच्चन, रवि जोशी व अन्य इस बैठक में शामिल थे। इस बैठक में एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल, मध्य प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह और विभिन्न राज्यों के प्रभारी भी शामिल हुए। 

इसके अलावा बैठक में मुकुल वासनिक भी शामिल हुए, जो एआईसीसी सीट-शेयरिंग कमेटी के संयोजक हैं। माना जा रहा है कि बैठकों में नेताओं से मिले फीड बैक के आधार पर कांग्रेस रणनीति तैयार करेगी। साथ ही उम्मीदवारी को लेकर भी जल्द ही निर्णय लिया जाएगा। मध्य प्रदेश में कांग्रेस फरवरी तक प्रत्याशियों की सूची जारी करने के दावे कर रही है।

इससे पहले गुरुवार को कांग्रेस प्रमुख ने कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, केरल, लक्षद्वीप और पुडुचेरी के लोकसभा समन्वयकों के साथ बैठक की। वहीं, दूसरी बैठक में ओडिशा, आंध्र प्रदेश और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के समन्वयक शामिल हुए थे। बैठक के दौरान कांग्रेस प्रमुख खरगे ने समन्वयकों को उनके संबंधित संसदीय क्षेत्रों में अधिकतम लोगों तक पहुंचने की सलाह दी थी।