कांग्रेस नेता अहमद पटेल की सेहत में सुधार, मेदांता हॉस्पिटल में टहलते देखे गए

कुछ हफ्ते पहले अहमद पटेल कोरोना संक्रमित पाए गए थे, पटेल की बेटी ने कहा कि उनके पूर्ण रूप से ठीक होने में अभी समय लगेगा

Updated: Nov 21, 2020, 07:15 PM IST

Photo Courtesy: The Tribune
Photo Courtesy: The Tribune

नई दिल्ली। कांग्रेस के दिग्गज नेता व राज्यसभा सांसद अहमद पटेल की सेहत में सुधार हुआ है। वे अब पहले के मुकाबले काफी बेहतर महसूस कर रहे हैं। हालांकि, उनकी बेटी ने बताया है कि उनके पूर्ण रूप से ठीक होने में अभी काफी वक्त लगेगा। इसी बीच गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में उनके धीरे-धीरे टहलने का वीडियो सामने आया है।

अहमद पटेल का जो वीडियो सामने आया है उसमें देखा जा सकता है कि वे अस्पताल में डॉक्टरों और हेल्थ वर्कर्स की निगरानी में धीरे-धीरे टहल रहे हैं। इस दौरान उनके साथ अस्पतालकर्मी ऑक्सीजन सिलिंडर भी लिए हुए हैं। वीडियो में उनका शरीर बीमारी की वजह से कमज़ोर दिख रहा है, लेकिन उनका चहलकदमी करना इस बात का संकेत है कि उनकी सेहत में धीरे-धीरे ही सही सुधार हो रहा है। 

गुरुवार को अहमद पटेल की बेटी ने उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी देते हुए कहा था कि, 'वह पहले से काफी बेहतर हैं, लेकिन इलाज में काफी समय लगने वाला है। हम आशा करते हैं कि वह व्यक्तिगत रूप से आप सभी से बात करने के लिए ठीक हो जाएंगे। कृपया उनके लिए प्रार्थना करते रहें। आपकी शुभकामनाओं और दुआओं के लिए धन्यवाद।' बता दें कि बीते कुछ हफ्ते पहले कोरोना संक्रमित होने के बाद पटेल की सेहत में काफी गिरावट आ गई थी। जिसके बाद उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल के इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में रखा गया था।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के बेहद करीबी समझे जाने वाले अहमद पटेल को कांग्रेस का चाणक्य भी कहा जाता है। पटेल राज्यसभा सांसद होने के साथ ही लंबे समय से कांग्रेस चीफ सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार भी हैं। माना जाता है कि सोनिया गांधी अगर किसी एक नेता पर सबसे ज़्यादा भरोसा करती हैं, तो वो अहमद पटेल ही हैं। 

गांधी परिवार की तीन पीढ़ियों से है है पटेल का नाता

अहमद पटेल का संबंध नेहरू-गांधी परिवार की तीन पीढ़ियों से रहा है। कभी इंदिरा गांधी के भरोसेमंद रहे अहमद पटेल आगे चलकर सोनिया गांधी के भी बेहद विश्वस्त सहयोगी रहे और अब पार्टी का युवा नेतृत्व यानी राहुल गांधी भी उनपर उतना ही भरोसा करते हैं। माना जाता है कि कांग्रेस हाईकमान के साथ-साथ अन्य राजनीतिक दलों के शीर्ष नेताओं से लेकर इंडस्ट्री लीडर्स तक के बीच में अहमद पटेल की खास पहचान है। पटेल तकरीबन 45 वर्षों के अपने राजनीतिक करियर में आठ बार सांसद चुने गए हैं। वह साल 1977 लेकर 1989 तक लोकसभा सांसद रहे हैं। साल 1993 से लेकर अबतक वे पांच बार राज्यसभा सांसद चुने गए हैं। इस वक्त भी वे गुजरात से राज्यसभा के कांग्रेस सांसद हैं।