कांग्रेस की बागी विधायक अदिति सिंह बीजेपी में शामिल, वंदना सिंह ने भी ली भाजपा की सदस्यता

अदिति सिंह ने 2017 में रायबरेली सदर सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव में जीत दर्ज की थी, अदिति सिंह बीते कुछ दिनों से लगातार कांग्रेस पार्टी के खिलाफ बयानबाजी कर रही थीं, पार्टी से निकाले जाने से ठीक पहले उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया

Updated: Nov 24, 2021, 12:19 PM IST

लखनऊ। कांग्रेस की बागी विधायक अदिति सिंह ने बुधवार को बीजेपी का दामन थाम लिया। उत्तर प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की मौजूदगी में अदिति सिंह ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली। वहीं अदिति सिंह के साथ साथ बसपा से निष्कासित विधायक वंदना सिंह भी बीजेपी में शामिल हो गईं। 

वंदना सिंह ने बीते चुनावों में आजमगढ़ विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी। जबकि अदिति सिंह ने 2017 में रायबरेली सदर सीट से चुनावों में जीत दर्ज की थी। पिछले काफी दिनों से यह कयास लगातार लगाए जा रहे थे कि अदिति सिंह को कांग्रेस पार्टी किसी भी वक्त निष्कासित कर सकती है। निष्कासन से पहले ही अदिति सिंह ने खुद बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली। 

दरअसल अदिति सिंह लगातार कांग्रेस पार्टी के खिलाफ बयानबाजी कर रही थीं। अदिति सिंह बाहुबली नेता अखिलेश सिंह बेटी हैं। अपने पिता के निधन के बाद ही अदिति सिंह ने बीजेपी और योगी आदित्यनाथ की तारीफों के पुल बांधने शुरू कर दिए थे। वहीं वह लगातार कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के खिलाफ बयानबाजी करने पर उतारू हो गई थीं। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस पार्टी अदिति सिंह को उनकी बयानबाजी के संबंध में नोटिस भी भेज चुकी थी। इसके साथ ही कांग्रेस पार्टी ने अदिति सिंह के निष्कासन को लेकर विधानसभा अध्यक्ष को पत्र भी लिखा था।