उन्नाव रेप पीड़िता की मां को कांग्रेस ने बनाया उम्मीदवार, 125 उम्मीदवारों की सूची जारी

कांग्रेस की पहली सूची में 50 महिलाओं को टिकट दिया गया है, उन्नाव रेप पीड़िता की मां आशा देवी को भी कॉन्ह्रस पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है

Updated: Jan 13, 2022, 03:37 PM IST

Photo Courtesy: ABP News
Photo Courtesy: ABP News

लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने यूपी की जनता से किए वादे को निभाना शुरू कर दिया है। कांग्रेस पार्टी ने यूपी चुनाव के लिए अपने 125 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। जिसमें कांग्रेस पार्टी ने 50 महिलाओं को टिकट दिया है। सबसे खास बात यह कि कांग्रेस पार्टी ने उन्नाव रेप पीड़िता को भी अपना उम्मीदवार बनाया है।

उन्नाव रेप पीड़िता की मां आशा देवी को कांग्रेस पार्टी ने टिकट दिया है। आशा देवी को उम्मीदवार बनाए जाने पर राहुल गांधी ने कहा कि उन्नाव में जिस बेटी के साथ भाजपा ने अन्याय किया, अब वे न्याय का चेहरा बनेंगी, लड़ेंगी जीतेंगी। 

उम्मीदवारों की सूची जारी करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि इस सूची में 40-40 फीसदी महिलाएं और युवा शामिल हैं। प्रियंका गांधी ने बताया कि पहली सूची में जो महिलाएं शामिल हैं उनमें कुछ पत्रकार हैं, सामाजिक कार्यकर्ता हैं और ऐसी महिलाएं भी हैं, जिन्होंने बेहद अत्याचार झेला है।

इन्हें मिला टिकट 

पंखुड़ी पाठक को कांग्रेस पार्ट ने नोएडा से उम्मीदवार बनाया है। CAA के खिलाफ लड़ने वालीं सदफ जफर को लखनऊ सेंट्रल से उम्मीदवार बनाया गया है। सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद को फर्रुखाबाद से टिकट दिया गया है। आशा वर्कर पूनम पांडे को शाहजहांपुर से टिकट दिया गया है। वहीं सोनभद्र नरसंहार के पीड़ित रामराज गोंड को भी कांग्रेस पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है।

कांग्रेस महासचिव ने उन्नाव रेप पीड़िता की मां आशा देवी का ज़िक्र करते हुए कहा कि हमने उन्हें भी अपना टिकट दिया है। जिस सत्ता के ज़रिए उनकी बेटी पर अत्याचार हुआ, पूरे परिवार को तबाह दिया गया। अब हम चाहते हैं कि वे उस सत्ता को हासिल करें। उनके इस संघर्ष में कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है।