सोनिया गांधी के आवास पर कांग्रेस नेताओं की आपात बैठक, रणनीतिकार प्रशांत किशोर भी हैं मौजूद

पहली बार कांग्रेस की बैठक में शामिल हुए हैं प्रशांत किशोर, राहुल गांधी, दिग्विजय सिंह भी मौजूद, कांग्रेस पार्टी में प्रशांत किशोर की भूमिका को लेकर हो रही चर्चा

Updated: Apr 16, 2022, 07:12 AM IST

नई दिल्ली। पांच राज्यों में नकारात्मक चुनावी नतीजों के बाद कांग्रेस पार्टी में मंथन का दौर जारी है। इसी बीच खबर आ रही है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर शनिवार को आपात बैठक बुलाई गई है। बैठक सुबह 11 बजे से शुरू हो चुकी है। खास बात ये है की इस बैठक में चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर भी शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक सोनिया गांधी ने यह बैठक कांग्रेस पार्टी में प्रशांत किशोर की भूमिका तय करने के लिए बुलाई है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि इस बैठक में कांग्रेस के 14 शीर्ष नेता मौजूद हैं। बैठक में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, दिग्विजय सिंह, अंबिका सोनी, अजय माकन, केसी वेणुगोपाल, मुकुल वासनिक, एके एंटनी और मल्लिकार्जुन खड़गे भी मौजूद हैं। चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर से कांग्रेस नेताओं की तमाम पहलुओं पर चर्चा हो रही है। यह पहली बार है जब कांग्रेस की बैठक में प्रशांत किशोर को बुलाया गया हो।

सूत्रों के मुताबिक प्रशांत किशोर कांग्रेस ज्वाइन करना चाहते हैं। दरअसल, प्रशांत किशोर ने हाल ही में गुजरात चुनाव में कांग्रेस के लिए काम करने की इच्छा जताई थी। हालांकि, गुजरात कांग्रेस का एक धड़ा प्रशांत को अनुपयोगी करार दे रहा है, वहीं कुछ नेताओं का कहना है की प्रशांत के आने से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा। सूत्र यह भी बता रहे हैं की प्रशांत किशोर ने कांग्रेस हाईकमान को गुजरात में आम आदमी पार्टी से गठबंधन करने का सुझाव दिया है।