139वें स्थापना दिवस पर नागपुर में आज कांग्रेस की महारैली, लोकसभा चुनावों के लिए बिगुल फूंकेगी पार्टी

लोकसभा चुनावों की तैयारियों को गति देने के लिए कांग्रेस आज महाराष्ट्र के नागपुर में बड़ी रैली कर रही है। इस रैली में पार्टी 2024 के अपना चुनाव अभियान लांच करेगी।

Updated: Dec 28, 2023, 09:47 AM IST

नागपुर। कांग्रेस का आज गुरुवार (28 दिसंबर को) 139वां स्थापना दिवस है। इस मौके पर पार्टी नागपुर में मेगा रैली का आयोजन कर रही है। यह रैली "हैं तैयार हम" की थीम पर आयोजित किया गया है। इस रैली में पार्टी 2024 के अपना चुनाव अभियान लांच करेगी।

कांग्रेस की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक इस रैली को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी इस रैली को संबोधित करेंगे। यह रैली इस मायने में महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसका आयोजन नागपुर में हो रहा है, जहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का मुख्यालय और ऐतिहासिक स्थल दीक्षाभूमि स्थित है। दीक्षाभूमि में डॉ. बी आर आंबेडकर ने बौद्ध धर्म अपनाया था।

यह रैली दिलचस्प इसलिए है कि संघ के गढ़ नागपुर में कांग्रेस अपना शक्ति प्रदर्शन करेगी। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले के अनुसार नागपुर में रैली देश के लोगों के लिये यह एक ऐतिहासिक क्षण होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराने के लिए बदलाव का संदेश देगी। 

पटोले ने कहा कि जब भी देश पर संकट आया, कांग्रेस आगे आई और देश में एक बड़ा बदलाव आया। देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, संविधान और लोकतंत्र के चारों स्तंभ खतरे में हैं। इन व्यवस्थाओं को बरकरार रखना कांग्रेस पार्टी की जिम्मेदारी है। वहीं, नागपुर से कांग्रेस विधायक नितिन राउत ने कहा कि 'हैं तैयार हम’ थीम के साथ यह रैली पूरे देश में एक अच्छा संदेश देगी। कांग्रेस अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए बिगुल बजाएगी। नागपुर के दिघोरी में पूरे देश से कांग्रेस के कार्यकर्ता पहुंच रहे हैं।