कोरोना ने बढ़ाई टेंशन, 24 घंटे में दर्ज हुए 10000 से ज्यादा मामले, एक्टिव मरीजों की संख्या 50 हजार के पार

कोरोना वायरस के मामले दिन-प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किये गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 10 हजार से अधिक नए केस मिले हैं।

Updated: Apr 15, 2023, 12:03 PM IST

नई दिल्ली। देशभर कोरोना के मामलों में तेजी से उछाल आ रहा है। इसी कड़ी में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 10,753 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही अब देश में एक्टिव मरीजों की संख्या 53,720 हो गई है। 

राहत की खबर ये है कि आज कोरोना के नए मामलों में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। बीते दिन कोरोना के 11 हजार से ज्यादा मामले सामने आए थे। पिछले 24 घंटे में 6,628 लोग ठीक हुए हैं, जिसके बाद कोरोना से कुल ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 4,42,23,211 तक पहुंच गई।

भारत का सक्रिय केसलोड वर्तमान में 53,720 है। फिलहाल ठीक होने की दर वर्तमान में 98.69% है। वहीं दैनिक पॉजिटिविट रेट 6.78% और साप्ताहिक वीकली पॉजिट्विटी रेट 4.49% है। पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1,58,625 टेस्ट किए गए। पिछले 24 घंटों में 397 खुराक दी गई। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक कुल 220.66 करोड़ टीके की खुराक (95.21 करोड़ दूसरी खुराक और 22.87 करोड़ एहतियाती खुराक) दी जा चुकी है।

पिछले 24 घंटों में करोना संक्रमित 20 लोगों की मौत भी हुई है। संक्रमण से दिल्ली तथा राजस्थान में तीन-तीन, छत्तीसगढ़ तथा पंजाब में दो-दो और हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश महाराष्ट्र, ओडिशा, पुडुचेरी, तमिलनाडु, उत्तराखंड तथा उत्तर प्रदेश में एक-एक मरीज की मौत हुई है। देश में कोरोना वायरस संक्रमण से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 5 लाख 31 हजार 064 हो गई  है।