कोरोना ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, पिछले 24 घंटे में 1.68 लाख नए मरीज, 900 से ज्यादा लोगों की मौत

महाराष्ट्र, दिल्ली और उत्तरप्रदेश में एक दिन का सबसे बड़ा उछाल, अकेले महाराष्ट्र में 63 हजार से ज्यादा नए मामले, 349 लोगों ने तोड़ा दम

Updated: Apr 12, 2021, 06:30 AM IST

Photo Courtesy: NDTV
Photo Courtesy: NDTV

नई दिल्ली। देशभर में कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर भयानक कहर बरपा रही है। पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस ने अबतक के सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है। बीते 24 घंटे में देशभर में करीब 1 लाख 69 हजार नए केस सामने आए हैं वहीं इस वायरस ने 900 से ज्यादा लोगों की जान ले ली है। देश में एक दिन में मिलने वाले संक्रमितों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा आज सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक बीते 24 घंटे में देशभर में 1 लाख 68 हजार 912 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसी के साथ देशभर में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 1 करोड़ 35 लाख को पार कर गया है। इस घातक वायरस ने पिछले 24 घंटे में 904 लोगों की जान ली है जिससे देशभर में मृतकों का कुल संख्या भी 1 लाख 70 हजार को पार कर गया है। बीते 6 महीनों में एक दिन में मौत का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपने एक बयान में कहा है कि भारत में डेथ रेट दुनियाभर में सबसे कम (1.28%) है।

यह भी पढ़ें: कोरोना ने खटखटाया सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा, 50 फीसदी से ज्यादा कर्मचारी निकले पॉजिटिव

स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक नए मामलों में बढ़ोतरी के साथ ही सक्रिय मामलों में भी तेजी से इजाफा हुआ है। रविवार को एक्टिव केस में 93 हजार 590 की बढ़ोतरी हुई है, इसी के साथ सक्रिय मामले 12 लाख को पार कर गए हैं। देशभर में वर्तमान समय में 12 लाख 1 हजार 9 कोरोना के एक्टिव मामले हैं। देशभर में पिछले 24 घंटे में 75 हजार 86 लोग कोरोना वायरस से ठीक हुए हैं, इसी के साथ अबतक कोरोना से ठीक होने वालों का आंकड़ा बढ़कर 1 करोड़ 21 लाख 56 हजार को पार कर गया है।

देश में सबसे ज्यादा नए मामले महाराष्ट्र से सामने आ रहे हैं। कोरोना हॉटस्पॉट बन चुके महाराष्ट्र में रविवार को 63 हजार 294 नए मरीज मिले। महाराष्ट्र में 5.65 लाख एक्टिव केस हैं। उधर, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी कोरोना के मामले बेतहाशा बढ़ रहे हैं। दिल्ली में रविवार को 10 हजार 774 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं, वहीं करीब चार दर्जन लोगों की मौत हुई है। उत्तरप्रदेश में भी कोरोना संक्रमण अबतक के सबसे ऊंचे स्तर पर है। राज्य में रविवार को 15,353 लोग पॉजिटिव मिले हैं, वहीं 67 की मौत हुई है। एक्टिव मामलों की संख्या 71,241 है।

यह भी पढ़ें: मध्यप्रदेश में कोरोना का कोहराम, स्वास्थ्य मंत्री खाली कुर्सियों के सामने दे रहे भाषण

इसी बीच देशभर में कोरोना टीकाकरण अभियान भी तेजी से चल रहा है। रविवार को कुल 29 लाख 33 हजार 418 लोगों को टीका लगाया है। देशभर में अबतक 10 करोड़ 45 लाख से ज्यादा लोगों को टीका लगाया जा चुका है। भारत दुनियाभर में 1.68 लाख से ज्यादा दैनिक मामलों वाला एकलौता देश है। प्रतिदिन मिलने वाले नए मामलों में भारत अमेरिका और ब्राजील को पछाड़कर शीर्ष पर आ गया है। बीते 24 घंटे में दुनियाभर में सबसे ज्यादा मौत ब्राजील में हुई है। यहां ढाई हजार से ज्यादा लोगों की जान गई।